अगले महीने आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग की बैठक है. उससे पहले देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने एक बड़ी चेतावनी दे दी है. SBI के अर्थशास्त्रियों ने मंगलवार को कहा कि “वित्तीय स्थिरता” को लेकर चिंताओं के कारण, उन्होंने RBI की अगली पॉलिसी समीक्षा में ब्याज दरों में बढ़ोतरी के अपने अनुमान को 0.50 प्रतिशत से घटाकर 0.25 प्रतिशत कर दिया है. उन्होंने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि ब्याज दरों में बहुत बड़ी बढ़ोतरी से निवेश के बाहर जाने , रुपए में अस्थिरता और इकोनॉमिक ग्रोथ पर बुरा असर पड़ने का जोखिम है. नोट में कहा गया है कि “दिसंबर की पॉलिसी में ब्याज दरों में 0.50 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी की मांग के बीच, RBI को वित्तीय स्थिरता को लेकर बहुत सतर्क रहना चाहिए.

अपने अनुमान को किया कम
एसबीआई ने अपनी रिपोर्ट में आगे कहा कि महंगाई के मौजूदा रुझान को देखते हुए, ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी ही काफी होनी चाहिए. इसके बजाय, बहुत बड़ी बढ़ोतरी करने से उलटे नतीजे मिल सकते हैं. जिसमें पूंजी का बाहर जाना, रुपए में अस्थिरता और इकोनॉमिक ग्रोथ पर ब्रेक शामिल हैं. अक्टूबर में हुई पिछली पॉलिसी समीक्षा के बाद, SBI के अर्थशास्त्रियों ने दिसंबर में ब्याज दरों में 0.50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया था. उस समय, 6 सदस्यीय दरनिर्धारण पैनल ने मुख्य दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी और पॉलिसी के रुख को “न्यूट्रल” से बदलकर “कैलिब्रेटेड टाइटनिंग” कर दिया था.
क्या थी पिछली रिपोर्ट?
12 नवंबर की एक पिछली रिपोर्ट में, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के आर्थिक अनुसंधान विभाग ने RBI की दिसंबर मॉनेटरी पॉलिसी के लिए अपने अनुमान में बदलाव किया था. इसमें 0.50 प्रतिशत के बजाय 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई गई थी. ऐसा बाहरी स्थितियों में सुधार, विदेशी फंड के प्रवाह में तेजी और रुपये पर दबाव कम होने के कारण किया गया था. अक्टूबर में की गई बढ़ोतरी लगभग 4 वर्षों में पहला ऐसा कदम था. साथ ही, RBI ने संकेत दिया था कि बढ़ती महंगाई, कमजोर रुपए और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच आगे भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की जा सकती है.
फेड भी फ्रीज कर सकता है ब्याज दर
RBI की मौद्रिक नीति समिति की बैठक 2 दिसंबर से 4 दिसंबर के बीच होनी है, जिसमें पॉलिसी ब्याज दरों पर फैसला लिया जाएगा. ग्लोबल लेवल पर, SBI की रिपोर्ट में कहा गया है कि US फेडरल रिजर्व द्वारा दिसंबर की अपनी पॉलिसी में ब्याज दरों को यथावत रखने की संभावना है. रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में इक्विटी मार्केट में हुई बिकवाली के बाद, 50 बेसिस पॉइंट की बड़ी बढ़ोतरी की उम्मीदें काफी कम हो गई हैं. वहीं, फेड द्वारा दरों को स्थिर रखने की संभावना बढ़कर लगभग 10 प्रतिशत हो गई है. इक्विटी मार्केट में आई भारी गिरावट और आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती की संभावना, फेड के नीतिगत फैसलों को जटिल बना सकती है. 10वर्षीय सरकारी प्रतिभूतियों पर यील्ड में गिरावट का रुझान दिख रहा है और यह फिलहाल 4.96 प्रतिशत के आसपास है. एसबीआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि हमें लगता है कि यील्ड 4.75 प्रतिशत के स्तर तक आ सकती है.



