
बिहटा, बिहार: पटना जिले के बिहटा इलाके में 23 वर्षीय एक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शिक्षिका ने अपनी मौत से दो दिन पहले ही एक निजी स्कूल के संचालक के खिलाफ शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक यौन शोषण करने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी संचालक को गिरफ्तार भी कर लिया था। अब शिक्षिका की मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की नए सिरे से जांच कर रही है।
शिक्षिका स्थानीय निजी स्कूल में पढ़ाती थी और अपने छोटे भाई के साथ रहती थी। पुलिस के मुताबिक, उसने 21 नवंबर को स्कूल संचालक देव कुमार मेहता के खिलाफ बिहटा थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसके अगले दिन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शिकायत में बयां किया था अपना दर्द
पुलिस को दिए गए आवेदन में शिक्षिका ने अपनी पारिवारिक और आर्थिक परिस्थितियों का भी जिक्र किया था। उसने बताया था कि वह बेहद गरीब परिवार से आती है और स्कूल में पढ़ाकर अपने छोटे भाई के साथ घर का खर्च चलाती है। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी और बिहार से बाहर रहने लगे थे। इसके बाद भाई-बहन साथ रह रहे थे।
शिकायत में शिक्षिका ने आरोप लगाया था कि स्कूल संचालक ने पहले मंदिर में विवाह करने का दिखावा किया, लेकिन इस रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया। आरोप के मुताबिक, वह अदालत में शादी करने का भरोसा देकर करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण करता रहा।
आवेदन में शिक्षिका ने यह भी लिखा था कि आरोपी ने उसका जीवन बर्बाद कर दिया है और समाज में बदनामी के बाद अब उससे कोई शादी नहीं करेगा। इसी पीड़ा के साथ उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई थी।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सामने आई शिक्षिका की मौत की खबर
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दानापुर-2 अमरेंद्र कुमार झा के अनुसार, शिक्षिका की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर लिया था। अवकाश के कारण सोमवार को उसे जेल भेजा गया।
इसी दौरान पुलिस को शिक्षिका की मौत की सूचना मिली। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को उसकी मेडिकल जांच और अदालत में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया होनी थी। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वहां उसकी मौत की जानकारी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब मौत से जुड़े हालात और पहले दर्ज कराई गई शिकायत, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट का इंतजार
इस मामले में अभी तक मौत की परिस्थितियों और उसके पीछे के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। शिक्षिका ने स्कूल संचालक के खिलाफ जो आरोप लगाए थे, उनकी जांच भी जारी है।
Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध पुलिस जानकारी और दर्ज शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।



