ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक ग्राहकों के पैसे को सुरक्षित रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय बैंक ने 23 नवंबर को ‘प्रिवेंटिव सेफगार्ड्स फॉर इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजेक्शंस’ नाम से नए नियमों का ड्राफ्ट जारी किया है. इसका मकसद ग्राहकों को ये अधिकार देना है कि वे खुद तय करें कि उनका पैसा कब और कैसे खर्च हो. ये प्रस्ताव कमर्शियल, स्मॉल फाइनेंस, पेमेंट्स, क्षेत्रीय ग्रामीण और कोऑपरेटिव बैंकों पर लागू होगा.

एक क्लिक में बंद होंगे ऑनलाइन पेमेंट चैनल
प्रस्ताव के तहत सभी बैंकों को ग्राहकों को डिजिटल पेमेंट चैनल बंद करने की सुविधा देनी होगी. इसमें UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग शामिल हैं. ग्राहक अपनी मर्जी से इनमें से किसी एक या सभी माध्यमों को बंद रख सकते हैं. एक बार चैनल बंद होने पर उस खाते से ग्राहक के जरिए कोई पैसा नहीं कट सकेगा. जरूरत पड़ने पर आप बैंक की ब्रांच या डिजिटल ऐप के जरिए इसे दोबारा चालू करा सकते हैं. हालांकि दोबारा शुरू करने के लिए OTP या बैंक के तय सुरक्षा तरीके से पहचान की पुष्टि करना जरूरी होगा.
लिमिट से लेकर समय तक, हर कंट्रोल आपके हाथ
चैनल बंद करने के अलावा RBI ग्राहकों को पांच तरह की सीमाएं तय करने का विकल्प भी देगा. पहली है ट्रांजेक्शन लिमिट, जिसमें आप एक बार के पेमेंट की सीमा तय कर सकते हैं, जैसे अधिकतम 10,000 रुपये. दूसरी है बेनेफिशियरी वाइज लिमिट. इसके तहत किसी एक व्यक्ति को दिन में भेजे जाने वाले पैसे की सीमा बांधी जा सकती है, जैसे रोजाना 20,000 रुपये.
तीसरी सुविधा डेली चैनल लिमिट की है, जिससे किसी एक माध्यम पर पूरे दिन की सीमा 50,000 रुपये जैसी तय हो सकती है. चौथे विकल्प में आप सभी डिजिटल माध्यमों को मिलाकर दिन की एक संयुक्त सीमा रख सकते हैं. पांचवां कंट्रोल समय से जुड़ा है. ग्राहक एक तय समय चुन सकते हैं, जिस दौरान उनके पेमेंट चैनल बंद रहेंगे.
ध्यान देने वाली बात ये है कि ग्राहक की तय सीमा बैंक की कुल लिमिट के अंदर ही रहनी चाहिए. जैसे अगर बैंक एक बार में 1 लाख रुपये तक के UPI की अनुमति देता है, तो आप इसे घटाकर 20,000 रुपये कर सकते हैं, लेकिन बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये नहीं कर पाएंगे.
डेबिटक्रेडिट कार्ड के लिए क्या बदलेगा?
RBI ने डेबिट और क्रेडिट कार्ड धारकों की सुरक्षा का भी इंतजाम किया है. बैंकों को कार्ड ऑन या ऑफ करने और उसकी लिमिट बदलने की सुविधा देनी होगी. ये कंट्रोल देश और विदेश में होने वाले दोनों तरह के लेनदेन पर काम करेंगे. इसमें पीओएस मशीन, एटीएम, ऑनलाइन पेमेंट और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट शामिल हैं. ग्राहक बैंक की तय कुल कार्ड सीमा के भीतर ही बदलाव कर सकेंगे. हालांकि तोहफे में दिए जाने वाले प्रीपेड गिफ्ट कार्ड और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में काम आने वाले ट्रांजिट कार्ड पर ये नियम लागू नहीं होंगे.
कब से लागू होंगे आरबीआई के ये नियम?
फिलहाल ये नियम अंतिम रूप से लागू नहीं हुए हैं. RBI ने इन्हें ड्राफ्ट के रूप में जारी किया है. केंद्रीय बैंक ने बैंकों, आम लोगों और अन्य पक्षों से 14 दिसंबर 2026 तक इस पर सुझाव मांगे हैं. सभी फीडबैक पर विचार करने के बाद ही RBI इन नियमों को अंतिम रूप देगा. लागू होने पर ये व्यवस्था ग्राहकों को डिजिटल फ्रॉड से बचाने में बड़ी मदद करेगी.



