प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 24 नवंबर को सैन जुआन में 75वां मिस यूनिवर्स खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. 27 साल की जेनिफर इस प्रतियोगिता को जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और मां बनीं. पिछली विजेता मेक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर को ताज पहनाया. जेनिफर ने 116 प्रतियोगियों को पीछे छोड़ा. यह प्यूर्टो रिको का छठा खिताब है. करीब 20 साल बाद इस देश को यह ताज मिला है.भारत की केजिया लिज टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं थीं. मिस यूनिवर्स जीतने के बाद सिर्फ ताज ही नहीं, प्राइज मनी के साथ कई सुविधाएं भी मिलती हैं.

मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन अपने पैकेज की राशि आधिकारिक तौर पर जारी नहीं करता, लेकिन पिछले विजेताओं को मिली राशि के आधार पर मीडिया रिपोर्ट्स में दावे किए गए हैं.
विजेता को कितनी राशि मिलती है?
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक संस्था अपने आधिकारिक आंकड़े निजी रखती है. पिछले साल की रिपोर्टों में आंकड़े लगभग एक जैसे रहे. भारतीय करंसी के मुताबिक, मिस यूनिवर्स की विजेता को करीब 2.35 करोड़ रुपए की प्राइज मनी मिलती है.
साल भर के कार्यकाल में हर महीने लगभग 50,000 डॉलर का मासिक भत्ता, यानी करीब 47 लाख रुपये प्रति माह दिया जाता है. यह रकम सीधी जेब में जाने वाली सैलरी नहीं है. MUO के मुताबिक इसका ढांचा इस तरह बनाया गया है कि विजेता एंबेसडर के तौर पर काम कर सके. इसके लिए उसे फंड और मासिक आय दी जाती है, जो यात्रा, इंटरव्यू और प्रोजेक्ट के खर्च निकालने के लिए होती है. इस रकम का बड़ा हिस्सा काम के खर्च में ही जाता है.
मिस यूनिवर्स जेनिफर बैरेटो.
कौन सी सुविधाएं मिलती हैं?
- न्यूयॉर्क में लग्जरी अपार्टमेंट: न्यूयॉर्क के लग्जरी अपार्टमेंट में रहने की व्यवस्था होती है, जहां मिस यूएसए रूममेट के तौर पर साथ रहती है.
- स्टाइलिंग और ब्यूटी एक्सपर्ट: इस पैकेज में पूरी यात्रा व्यवस्था, पर्सनल स्टाइलिस्ट, हेयरमेकअप एक्सपर्ट और ब्यूटी व हेल्थकेयर सेवाएं दी जाती हैं.
- इवेंट एक्सेस: न्यूयॉर्क के कई कार्यक्रमों, फिल्म प्रीमियर, ब्रॉडवे शो और लॉन्च पार्टियों तक पहुंच मिलती है.
- ताज: इस बार की विजेता “रेडियंस ऑफ एन इटरनल लेगेसी” नाम का 75वीं वर्षगांठ वाला ताज पहनने वाली पहली ब्यूटी क्वीन हैं. पिछले साल के ताज की कीमत करीब 50 लाख डॉलर आंकी गई थी. विजेता सालभर के पूरे कार्यकाल भर आधिकारिक कार्यक्रमों में यही ताज पहनती हैं और अगले साल विजेता को पहनाती हैं.
मिस यूनिवर्स 2026 की विजेता घोषित होने के बाद भावुक हुईं जेनिफर बैरेटो.
साल भर की जॉब
विजेता साल भर संस्था की मुख्य एंबेसडर होती है और मीडिया इंटरव्यू, प्रायोजित कार्यक्रमों और चैरिटी अभियानों के लिए दुनिया भर की यात्रा करती है. इसी वजह से पैकेज का बड़ा हिस्सा यात्रा में खर्च हो जाता है.
Etérea nuestra Jennifer Barreto en su traje de gala durante la competencia preliminar. ¡Puerto Rico brilló con ella!
Sintoniza este espectáculo en vivo por #WapaTV y https://t.co/Lh6Pufc4qg!
#MissUniverse2026 https://t.co/MWVJQDp9sv
— Miss Universe Puerto Rico November 25, 2026
असली कमाई ताज के बाद
खिताब की असल कीमत अक्सर ब्रांड और कॅरियर के मौकों में दिखती है. पिछली विजेता के लिए L’Oréal, Estée Lauder और Dior जैसे बड़े ब्रांड्स की दिलचस्पी की खबरें आई थीं. इन डील्स की रकम आमतौर पर सार्वजनिक नहीं होती, लेकिन साफतौर पर यह जरूर कहा जा सकता है कि मिस यूनिवर्स बनने के बाद ब्रांड एंडोर्समेंट से तगड़ी कमाई होती है.





