APL Apollo Tubes Share: शेयर बाजार में बुधवार, 25 नवंबर की सुबह APL Apollo Tubes के निवेशकों के लिए भारी दबाव लेकर आई. Tata Steel के कंट्रोलिंग स्टेक खरीदने के प्रस्ताव से बाजार में चिंता बढ़ी, जिसका सीधा असर शेयर पर दिखा. सुबह के कारोबार में ये स्टॉक 15 फीसदी टूटकर दिन के दूसरे लोअर सर्किट यानी 1419.5 रुपये पर फिसल गया. हालांकि, दोपहर 3:10 बजे तक शेयर थोड़ा संभला और 1476 रुपये पर कारोबार करने लगा.

शुक्रवार के बंद भाव से तुलना करें तो ये शेयर महज दो कारोबारी दिनों में करीब 33 फीसदी टूट चुका है. इससे पहले सोमवार को भी डील के ऐलान के बाद स्टॉक 21.2 फीसदी गिरा था. इस बिकवाली से सालदरसाल आधार पर शेयर का नुकसान बढ़कर 27.9 फीसदी हो गया है, जबकि इसी दौरान Nifty 50 में सिर्फ 1.5 फीसदी की गिरावट आई है.
Motilal Oswal ने क्यों दी खरीदने की सलाह
बाजार की इस घबराहट के उलट ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal ने शेयर पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है. ब्रोकरेज ने इसके लिए 2220 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. मौजूदा भाव से ये टारगेट 49.2 फीसदी ऊपर है, जबकि बुधवार के निचले स्तर 1419.5 रुपये से ये उछाल 56.4 फीसदी बनता है. ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY26 से FY28 के बीच कंपनी का रेवेन्यू 17 फीसदी, EBITDA 18 फीसदी और मुनाफा 21 फीसदी की सालाना दर से बढ़ेगा.
Motilal Oswal का मानना है कि Tata Steel का साथ मिलने से APL Apollo Tubes की ब्रांड वैल्यू बढ़ेगी और ग्राहकों का भरोसा मजबूत होगा. कंपनी को Tata Steel के बड़े डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, इंडस्ट्री रिश्तों और डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स का सीधा फायदा मिलेगा. हालांकि, ब्रोकरेज ने एक बड़ा जोखिम भी बताया है. डील के लिए जरूरी करीब 10000 करोड़ रुपये का कर्ज आने वाले कुछ वक्त तक कंपनी की बैलेंस शीट पर बोझ बना रह सकता है.
28000 करोड़ की डील का पूरा गणित
देश के स्ट्रक्चरल स्टील ट्यूब बाजार में APL Apollo Tubes का 65 फीसदी मार्केट शेयर है. कंपनी के 11 से ज्यादा प्लांट्स की सालाना कैपेसिटी 5 मिलियन टन है. अब कंपनी 28000 करोड़ रुपये में Tata Steel के दो बिजनेस खरीदेगी. इसमें 1.7 मिलियन टन वाला ट्यूब्स बिजनेस 11700 करोड़ रुपये का और 0.8 मिलियन टन वाला मेटल एंड कोटेड स्टील बिजनेस 16300 करोड़ रुपये का है. इससे कंपनी की कुल कैपेसिटी बढ़कर 7.5 मिलियन टन हो जाएगी.
FY26 में इन दोनों बिजनेस का कुल EBITDA 1100 करोड़ रुपये रहा. यानी ये डील करीब 25 गुना डील वैल्यू/EBITDA पर हो रही है. मैनेजमेंट के मुताबिक, Tata Steel Colour की 7.5 लाख टन कैपेसिटी करीब 90 फीसदी इस्तेमाल पर चल रही है. इस खरीद से कंपनी नया प्लांट लगाने के 2 से 3 साल और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क बनाने के 5 से 10 साल बचा लेगी. शुरुआत में 10000 करोड़ रुपये कर्ज से जुटाए जाएंगे, जबकि बाकी 18000 करोड़ रुपये अगले 12 महीने में इक्विटी से आएंगे.
कंपनी की कमान अब Tata Steel के हाथ
इस सौदे का दूसरा हिस्सा कंपनी का मालिकाना हक बदल देगा. Tata Steel, प्रमोटर संजय गुप्ता की S Gupta Holding से 26.38 फीसदी हिस्सेदारी 2100 रुपये प्रति शेयर पर तीन किस्तों में खरीदेगी. पहली किस्त के 2.77 करोड़ शेयर 23 नवंबर को ब्लॉक डील से खरीदे जा चुके हैं. दूसरी किस्त में 3.33 करोड़ शेयर ऑफ मार्केट जाएंगे और बाकी 1.28 करोड़ शेयर 31 मार्च 2028 से पहले ट्रांसफर होंगे.
इसके बाद Tata Steel 2301.4 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 26 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर लाएगी और कंपनी की नई प्रमोटर बन जाएगी. इस पूरे सौदे के लिए CCI समेत रेगुलेटरी और शेयरहोल्डर्स की मंजूरी जरूरी है. संजय गुप्ता आगे बोर्ड में रहेंगे या चेयरमैन बनेंगे, ये अभी तय नहीं है.



