Lucknow News: लखनऊ की आदर्श कारागार में एक बंदी की आत्महत्या का मामला सामने आया है. बुधवार को बंदी ने जेल के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. मृतक बंदी की पहचान राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम के रूप में हुई. वह याकूब का बेटा था. बंदी की मौत के मामले में जेल प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में कार्रवाई करते हुए डिप्टी जेलर समेत दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. वहीं एक अन्य जेल वार्डर के खिलाफ भी अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है.

बस्ती का रहने वाला था मृतक बंदी
मृतक बंदी राजू उर्फ अब्बास मूल रूप से बस्ती जिले का रहने वाला था. उसका पैतृक निवास लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी में था. हालांकि उसका वर्तमान पता गौतम बुद्ध नगर के सेक्टर20 थाना क्षेत्र स्थित हरौला का था. राजू आदर्श कारागार, लखनऊ में बंद था. वह सिद्धदोष बंदी था. 25 नवंबर को उसने जेल परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू की.
डिप्टी जेलर और अनलॉकिंग प्रभारी निलंबित
बंदी की मौत के मामले में जेल प्रशासन ने दो कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की है. अनलॉकिंग प्रभारी मदन गोपाल और बैरक प्रभारी एवं डिप्टी जेलर राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है. दोनों के खिलाफ विभागीय स्तर पर अनुशासनिक कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है. जेल प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई में जेल वार्डर अतीक अहमद का नाम भी शामिल है. उसके खिलाफ भी अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है. इस तरह बंदी की आत्महत्या के मामले में अब तक तीन जेलकर्मियों पर कार्रवाई की गई है.
जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जेल के भीतर बंदी की आत्महत्या की घटना ने कारागार की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जेल में बंद कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी जेल प्रशासन की होती है. ऐसे में बंदी की मौत के बाद संबंधित कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई को इसी जिम्मेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है.



