IndiaUttar Pradesh

​UP चुनाव से पहले राजेन्द्र पाल गौतम की नियुक्ति पर घमासान, दिल्ली BJP अध्यक्ष का हमला- ‘तुष्टिकरण की कीमत चुकाएगी कांग्रेस’

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस पार्टी द्वारा दिल्ली के पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अपने वरिष्ठतम नेताओं को छोड़कर उस व्यक्ति को प्रदेश प्रभारी बनाया है जो सनातन धर्म और हिंदू आस्था का खुला विरोधी रहा है.

​UP चुनाव से पहले राजेन्द्र पाल गौतम की नियुक्ति पर घमासान, दिल्ली BJP अध्यक्ष का हमला- ‘तुष्टिकरण की कीमत चुकाएगी कांग्रेस’

राजेन्द्र पाल गौतम वही व्यक्ति हैं जो अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री रहते हुए अनेक बार हिंदू देवीदेवताओं का अपमान करते रहे थे. उनके इसी सनातन विरोधी आचरण के कारण अंततः केजरीवाल सरकार को उन्हें मंत्री पद से हटाना पड़ा था.

‘सनातन विरोधी नीति की कीमत चुकानी पड़ेगी’

हर्ष मल्होत्रा ने आगे कहा, “मंत्री रहते हुए गौतम अपने क्षेत्र की अधिकांश हिंदू संस्थाओं के कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं होते थे. इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश प्रभारी केवल सनातन विरोधी वोटों को गोलबंद करने की साजिश के तहत नियुक्त किया है.”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सभी विपक्षी दल यह समझ लें कि अब देश की जनता उनकी तुष्टिकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी. हर्ष मल्होत्रा ने कहा है की कांग्रेस को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी इस सनातन विरोधी नीति की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. भाजपा सनातन धर्म और राष्ट्रवाद के सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है.

कांग्रेस आलाकमान ने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए दिल्ली के पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस नियुक्ति के जरिए यूपी के करीब 21 फीसदी दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रही है. इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ दौरे के जरिए दलित और संविधान बचाओ की राजनीति को धार दे रहे हैं.

2022 के विवाद के बाद छोड़ना पड़ा था मंत्री पद

राजेन्द्र पाल गौतम पूर्व में दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में समाज कल्याण मंत्री रह चुके हैं. अक्टूबर 2022 में दिल्ली में आयोजित एक बौद्ध धर्म दीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने और वहां दिलाई गई प्रतिज्ञाओं को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था. भाजपा ने उस समय भी उन पर हिंदू देवीदेवताओं के अपमान का आरोप लगाया था, जिसके बाद भारी दबाव के चलते गौतम को केजरीवाल कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा था. बाद में सितंबर 2024 में उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply