समाजवादी पार्टी ने आज बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का घोषणापत्र ‘पीडीए का प्रणपत्र’ जारी कर दिया. घोषणापत्र जारी करने के दौरान पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी द्वारा वादा किए गए ‘अच्छे दिन’ कभी नहीं आए, जबकि ‘बुरे दिन’ अब जाने वाले हैं. घोषणा पत्र में 5 साल के अंदर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दिए जाने का वादा किया है. साथ ही पीडीए सरकार के दौर में किसी की जमीन पर अवैध कब्जे पर लगाम लगाने की बात कही गई है और इसके खिलाफ STF बनाए जाने का वादा भी किया गया है, जो इस पर अंकुश लगाएगी.

अखिलेश यादव ने आज गुरुवार को लखनऊ में पीडीए का प्रणपत्र जारी किया. चुनावी घोषणा में जमीन पर कब्जा के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की बात कही गई है. घोषणापत्र के अनुसार, पीडीए की सरकार बनने की सूरत में किसी भी माफिया या रसूखदार लोगों को किसी की जमीन पर कब्जा करने नहीं दिया जाएगा. इस तरह के अवैध कब्जे पर रोक के लिए स्पेशल STF बनाई जाएगी.
अवैध कब्जे से जुड़े विवाद को हल करेगी STF
यह स्पेशल STF टीम जमीनी विवादों को हल करने की दिशा में काम करेगी. साथ ही यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी रसूखदार व्यक्ति किसी भी गरीब, पिछड़े और दलित तथा असहाय लोगों की जमीन पर कब्जा न करने पाए. इसके लिए डायल 100 या 112 की तरह अलग रंग की गाड़ियां बनाई जाएंगी, जो पूरे प्रदेश में लगातार पेट्रोलिंग करेगी और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए रखेगी.
घोषणा पत्र के अनुसार, पूरे राज्य में माफियाओं पर अंकुश लगाने की बात कही गई है. पीडीए सरकार के दौर में माफिया या गुंडों को पनपने नहीं दिया जाएगा. और उनके खिलाफ तत्काल कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी. घोषणा पत्र में व्यापारियों के हितों की बात कही गई है.
व्यापारीदुकानदारों को भी माफिया से राहत
व्यापारी, दुकानदार और उद्यमियों को माफियाओं से राहत देने की बात कही गई है. घोषणा पत्र के अनुसार, अब किसी भी व्यापारी, दुकानदार और उद्यमियों को कोई भी माफिया या बाहुबली परेशान नहीं कर पाएगा. इन पर निगरानी के लिए और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख बाजारों में डायल 100 या 112 की गाड़ियां तैनात की जाएंगी. महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस ढांचा बनाया जाएगा. इसकी पहुंच गांवगांव तक होगी और अपराध पर कंट्रोल सुनिश्चित करेगी.
पार्टी ने अपने घोषणापत्र में दलितों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों, मुसलमानों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ अपनाने का वादा किया है. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रणपत्र जारी करते हुए कहा, “हमारा संकल्प है कि सरकार बनने पर 5 साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जाएं.
नौकरी के लिए सालाना कैलेंडर जारी करेगी सरकार
साथ ही अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. यही नहीं जिन ग्रेजुएट्स को काम नहीं मिल पाता है, उन्हें काम मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये का भत्ता भी दिया जाएगा.
चुनाव से काफी पहले जारी किए गए घोषणापत्र में पार्टी ने सरकारी रिक्तियों के लिए एक सालाना कैलेंडर जारी करने और परीक्षाएं समय पर कराने का भी वादा किया गया है. एक चरण वाली भर्ती प्रक्रिया 3 महीने के अंदर और कई चरणों वाली भर्ती प्रक्रियाओं को 6 महीने के अंदर पूरी की जाएगी. शिक्षा के क्षेत्र में एक ‘राज्य शिक्षा नीति’ लाने का वादा किया गया है.



