उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपना पीडीए प्रणपत्र जारी कर दिया है. अखिलेश यादव ने वादा किया है कि बेटी के जन्म पर उसके नाम 10 ग्राम तक सोना दिया जाएगा. वहीं, विधवा, दिव्यांग और अनाथ लड़कियों से शादी करने पर 2 लाख रुपये की सहायता और एक घर देने की बात कही गई है. इसके अलावा बीपीएल परिवारों की महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन और छात्राओं के लिए साइकिल और सोलर टेबल लैंप देने का भी वादा है. गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों के लिए ‘हौसला पोषण मिशन’ फिर से शुरू होगा.

महिला सशक्तिकरण के तहत छात्राओं के लिए भी योजना का ऐलान किया गया है. समाजवादी पार्टी ने नौवीं कक्षा और उससे ऊपर की सभी छात्राओं के लिए ‘साइकिल’ और ‘सोलर टेबल लैंप वितरण योजना’ शुरू करने का वादा किया है. इसके तहत छात्राओं को साइकिल और सोलर टेबल लैंप दिए जाएंगे. बीपीएल परिवारों के राशन कार्ड को लेकर भी वादा किया गया है. प्रणपत्र के मुताबिक, एक साल के भीतर सभी बीपीएल परिवारों को महिलाओं के नाम पर राशन कार्ड जारी किए जाएंगे. यानी परिवार के राशन कार्ड पर महिला का नाम दर्ज करने की व्यवस्था करने की बात कही गई है.
महिलाओं के नाम जमीन का अधिकार
महिलाओं को जमीन का अधिकार और पट्टे देने के लिए पतिपत्नी के नाम पर ‘संयुक्त भूमि स्वामित्व’ की व्यवस्था करने का भी वादा किया गया है. प्रणपत्र में कहा गया है कि इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसमें महिला उत्तराधिकारियों के नाम पर भूमि के म्यूटेशन यानी नामांतरण जैसे उपाय भी शामिल होंगे. इसके अलावा सभी जिलों में ‘आशाज्योति केंद्र’ स्थापित करने की घोषणा की गई है. इस तरह महिला सशक्तिकरण के तहत बेटी के जन्म से लेकर पेंशन, छात्राओं को सुविधाएं, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण, राशन कार्ड और जमीन के अधिकार तक से जुड़े वादे किए गए हैं.
किसानों का 100 फीसदी कर्ज माफ करने का वादा
पीडीए प्रणपत्र में किसानों के सशक्तिकरण के लिए भी कई घोषणाएं की गई हैं. समाजवादी पार्टी ने वादा किया है कि सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर राज्य के सभी किसानों का 100 प्रतिशत कर्ज माफ कर दिया जाएगा. इसके अलावा 2031 तक यानी चार वर्षों के भीतर उत्तर प्रदेश के सभी किसानों का कर्ज मुक्त करने की बात कही गई है. किसानों की आय बढ़ाने के लिए ‘किसान आय एवं कल्याण आयोग’ के गठन का भी वादा है.
प्रणपत्र के मुताबिक, यह आयोग हर साल किसानों की आय बढ़ाने के तरीकों का सर्वे करेगा और सुझाव देगा. इसमें गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले किसानों के लिए ‘लिविंग वेज स्कीम’ यानी जीवननिर्वाह योग्य मजदूरी योजना का भी जिक्र है. किसानों के लिए ‘किसान पेंशन’ शुरू करने की घोषणा भी की गई है. इसके तहत बुजुर्ग महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगों को 40 हजार रुपये प्रति वर्ष देने का वादा किया गया है. प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों को तत्काल सहायता देने के लिए ‘किसान कोष’ बनाने की बात कही गई है. सपा ने किसान बीमा के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का वादा किया है.
छात्रों के लिए लैपटॉप और मुफ्त शिक्षा
शिक्षा के क्षेत्र में भी घोषणाएं की गई हैं. समाजवादी पार्टी ने 12वीं कक्षा पास करने वाले छात्रों के लिए ‘लैपटॉप वितरण योजना’ शुरू करने का वादा किया है. इसके तहत 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की बात कही गई है. पिछड़े जिलों में ‘ग्रामीण कोचिंग हब’ विकसित करने का भी ऐलान किया गया है. इसका उद्देश्य पीडीए परिवारों के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग उपलब्ध कराना है.
बीपीएल परिवारों के बच्चों के लिए मुफ्त प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा का वादा किया गया है. इसके अलावा ‘मिडडे मील योजना’ में सुधार करने की बात कही गई है. प्रणपत्र में कहा गया है कि इस योजना का दायरा बढ़ाया जाएगा. इसके लिए सेंट्रलाइज्ड किचन और डिलीवरी की व्यवस्था लागू करने का वादा किया गया है. बच्चों के संतुलित और पौष्टिक आहार पर विशेष जोर देने की बात भी कही गई है.



