बाजार में हर रोज उतारचढ़ाव हो रहा है. कभी सोना महंगा होता है तो सस्ता होता है. कभी शेयर मार्केट ऊपर जाता है तो नीचे जाता है. ऐसे में एक आदमी के लिए लिहाज से जानना जरूरी है कि क्या बाजार में होने वाली हलचल का उस पर क्या असर होता है?

बाजार में ब्याज दरों, रुपए की कीमत, सोने के भाव और शेयर बाजार में होने वाले बदलाव का असर आम आदमी की जेब पर भी पड़ता है. इनका सीधा संबंध आपके होम लोन की EMI, बैंक FD पर मिलने वाले ब्याज और भविष्य के लिए की गई बचत से है.
ब्याज दरें बढ़ने से EMI और FD पर क्या असर होता है?
भारतीय रिजर्व बैंक की रेपो रेट का असर बैंक से मिलने वाले लोन और जमा पर पड़ता है. जब ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो फ्लोटिंग रेट वाले होम और ऑटो लोन की EMI बढ़ सकती है. कुछ मामलों में बैंक EMI बढ़ाने के बजाय लोन चुकाने की अवधि बढ़ा देते हैं. दूसरी तरफ, ब्याज दरें बढ़ने पर बैंक नई FD पर ज्यादा ब्याज दे सकते हैं. इससे नया निवेश करने वालों को फायदा मिल सकता है. वहीं, दरें घटने पर लोन की किस्त कम होने की उम्मीद रहती है, लेकिन नई FD पर ब्याज भी घट सकता है.
रुपया कमजोर होने से क्यों बढ़ता है खर्च?
जब डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होता है, तो विदेश से सामान खरीदना महंगा हो जाता है. भारत कच्चे तेल, इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों और कई जरूरी चीजों का आयात करता है. ऐसे में रुपए की कीमत गिरने से इन चीजों की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर महंगाई पर पड़ता है. महंगाई बढ़ने से आपकी बचत की असली कीमत भी कम हो सकती है. यानी FD पर ब्याज मिलने के बावजूद सामान खरीदने की ताकत पहले जैसी नहीं रहती. इसके अलावा विदेश यात्रा और बच्चों की विदेशी शिक्षा का खर्च भी बढ़ सकता है.
सोने के भाव बढ़ने से किसे फायदा और किसे नुकसान?
जब बाजार में अनिश्चितता बढ़ती है या दुनिया में तनाव की स्थिति बनती है, तो सोने की मांग बढ़ सकती है. ऐसे समय में सोने के भाव मजबूत हो सकते हैं. जिन लोगों के पास पहले से सोना या गोल्ड आधारित निवेश है, उनकी संपत्ति की कीमत बढ़ सकती है. लेकिन जिन परिवारों को शादी या त्योहार के लिए सोना खरीदना है, उनके लिए बढ़े हुए भाव परेशानी बन सकते हैं. इससे घरेलू बजट पर ज्यादा बोझ पड़ सकता है.
शेयर बाजार की गिरावट का बचत पर असर
शेयर बाजार में तेजी या गिरावट का आपकी होम लोन या कार लोन की EMI पर सीधा असर नहीं पड़ता. हालांकि, म्यूचुअल फंड, SIP और शेयरों में लगाया गया पैसा बाजार की चाल के साथ घटताबढ़ता रहता है. बाजार गिरने पर निवेश की मौजूदा वैल्यू कम हो सकती है. ऐसे समय में घबराकर निवेश निकालने के बजाय अपने निवेश के लक्ष्य और समय को ध्यान में रखना जरूरी है. लंबी अवधि के निवेश में धैर्य बनाए रखना अहम होता है.
EMI, FD और निवेश को कैसे रखें संतुलित?
बाजार के उतारचढ़ाव के बीच अपनी आर्थिक स्थिति संभालने के लिए सही योजना जरूरी है. कोशिश करें कि आपकी कुल मासिक EMI, शुद्ध मासिक आय के मुकाबले संतुलित रहे. ज्यादा पैसा होने पर लोन के मूलधन का कुछ हिस्सा चुकाने पर विचार कर सकते हैं. FD का पूरा पैसा एक ही अवधि के लिए जमा करने के बजाय अलगअलग अवधि में बांटना बेहतर हो सकता है. इसके अलावा इमरजेंसी फंड, ग्रोथ निवेश और पोर्टफोलियो के करीब 5 से 10 फीसदी हिस्से में सोना रखने से बचत में संतुलन बनाया जा सकता है.



