भारत में इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार तेजी से आगे बढ़ रहा है. ऐसे में बड़ी ऑटो कंपनियां अपनी तैयारी मजबूत करने में जुट गई हैं. इसी में Royal Enfield और TVS Motor ने तमिलनाडु में बड़ा निवेश करने का फैसला किया है. दोनों कंपनियां मिलकर अगले कुछ सालों में राज्य में 3,000 करोड़ रुपये लगाएंगी. इसमें Royal Enfield 1,000 करोड़ और TVS Motor 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस कदम से इलेक्ट्रिक वाहनों की तकनीक, इंजीनियरिंग और गाड़ियों के निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. साथ ही करीब 1,500 लोगों के लिए रोजगार के नए मौके बन सकते हैं.

Royal Enfield 7 साल में लगाएगी 1,000 करोड़ रुपये
अगले सात सालों में तमिलनाडु में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. इसके लिए कंपनी ने राज्य सरकार के साथ समझौता पर साइन किए हैं. इस रकम का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों के विकास, नई तकनीक को बेहतर बनाने और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने में होगा. कंपनी का अनुमान है कि इस निवेश से सीधे और दूसरे तरीकों से करीब 500 लोगों को रोजगार मिल सकता है.
Eicher Motors के मैनेजिंग डायरेक्टर और Royal Enfield के CEO बी. गोविंदराजन ने कहा कि तमिलनाडु कंपनी के इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग काम का प्रमुख केंद्र बना रहेगा. इलेक्ट्रिक कारोबार को आगे बढ़ाने में भी इस राज्य की अहम भूमिका होगी.
तमिलनाडु में Royal Enfield की पहले से 4 फैक्ट्रियां
Royal Enfield की तमिलनाडु में पहले से चार मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं. कंपनी का हेडक्वार्टर और टेक्निकल सेंटर भी इसी राज्य में है. उसका इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड Flying Flea भी यहां अपनी मौजूदगी बढ़ा रहा है. इसके लिए वल्लम वडागल में EV इनोवेशन लैब और मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी चलाई जा रही है.
इससे पहले फरवरी 2026 में ने चेय्यार प्लांट की प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाने के लिए 958 करोड़ रुपये लगाने का ऐलान किया था. इस विस्तार के पूरा होने के बाद Royal Enfield की सालाना प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़कर 20 लाख मोटरसाइकिल हो सकती है.
TVS Motor भी करेगी 2,000 करोड़ का निवेश
दूसरी तरफ, TVS Motor अगले चार सालों में तमिलनाडु में 2,000 करोड़ रुपये लगाएगी. इसके लिए 25 नवंबर 2026 को राज्य सरकार की नोडल एजेंसी Guidance के जरिए MoU पर साइन किए गए. कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में इस निवेश की पुष्टि की है.
TVS को उम्मीद है कि इससे करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिलेगा. राज्य सरकार कंपनी को जरूरी बुनियादी सुविधाएं देने और सरकारी प्रक्रियाओं में मदद करेगी. हालांकि, TVS ने अभी यह नहीं बताया है कि यह रकम किन प्रोजेक्ट्स या फैक्ट्रियों पर खर्च की जाएगी. साल के हिसाब से निवेश का ब्योरा भी साझा नहीं किया गया है.
दोनों कंपनियों की योजनाओं को मिलाकर देखें तो तमिलनाडु में 3,000 करोड़ रुपये का निवेश और करीब 1,500 नए रोजगार मिलने की संभावना है. इससे राज्य में EV तकनीक और वाहन निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को नई रफ्तार मिल सकती है.



