अगर 8वें वेतन आयोग को लागू करने में 2028 तक की देरी होती है, तो भले ही इससे सरकारी खर्च पर केवल कुछ समय के लिए ही राहत मिले, लेकिन एरियर जमा होने से अंततः केंद्र सरकार पर वित्तीय बोझ और बढ़ जाएगा. डॉयचे बैंक रिसर्च की एक रिपोर्ट के अनुसार, 8वें वेतन आयोग के कारण सरकारी खर्च में कम से कम 3 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे वित्त वर्ष 2028 में केंद्र सरकार की फिस्कल कंसोलिडेशन योजनाओं के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं.

डॉयचे बैंक ने अपनी 2027 ‘वर्ल्ड आउटलुक’ रिपोर्ट, जिसका शीर्षक ‘ग्रेट एक्सपेक्टेशंस, बट रिस्की बिजनेस’ है, में अनुमान लगाया है कि वित्त वर्ष 2028 में केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा GDP का 4.3% हो सकता है. सैलरी में बदलाव के अलावा, कच्चे तेल की लगातार ऊंची कीमतें, सब्सिडी से जुड़े बढ़ते खर्च और भारतीय रिजर्व बैंक से मिलने वाले डिविडेंड में संभावित कमी, सरकारी खजाने पर और अधिक दबाव डाल सकती है.
गौर करने वाली बात यह है कि 8वें वेतन आयोग पर अनुमानित 3 लाख करोड़ रुपए का खर्च, वित्त वर्ष 2027 के लिए डॉयचे बैंक द्वारा अनुमानित RBI के 2.9 लाख करोड़ रुपए के डिविडेंड ट्रांसफर से थोड़ा अधिक है. हालांकि, ये अनुमान और आंकड़े अलगअलग वित्तीय वर्षों से संबंधित हैं.
क्यों बढ़ सकता है एरियर?
ड्यूश बैंक ने स्पष्ट रूप से कहा है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को 2028 तक टालने या लागू करने में देरी करने से केंद्र सरकार को कुछ समय के लिए वित्तीय राहत तो मिल सकती है, लेकिन बाद में भुगतान की जाने वाली कुल राशि बढ़ जाएगी.ड्यूश बैंक की इस टिप्पणी से इस बात को और बल मिलता है कि केंद्र सरकार को 8वें वेतन आयोग के ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ के तहत तय समय सीमा के भीतर ही वेतन संशोधन को लागू कर देना चाहिए.
अगर वेतन संशोधन को पिछली तारीख से लागू किया जाता है, तो इसमें देरी होने पर बकाया राशि की अवधि और लंबी हो सकती है. इसका नतीजा यह होगा कि जब बाद में इन सिफारिशों को लागू किया जाएगा, तो केंद्र सरकार पर भुगतान का बहुत बड़ा बोझ आ जाएगा.इस प्रमुख बैंकिंग संस्थान को उम्मीद है कि केंद्र सरकार 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को अगले साल, यानी 2027 से लागू करने पर विचार कर सकती है. फिर भी, इसे लागू करने की वास्तविक तारीख, इसके प्रभावी होने की तारीख और बकाया राशि के भुगतान की व्यवस्था, ये सभी बातें पूरी तरह से केंद्र सरकार के फैसले पर निर्भर करेंगी.
इसके अलावा, ड्यूश बैंक का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में केंद्र सरकार GDP के 4.3% के अपने राजकोषीय घाटे के लक्ष्य को हासिल कर लेगी. RBI से मिलने वाले 2.9 लाख करोड़ रुपए के डिविडेंड, ‘इकोनॉमिक स्टेबिलाइजेशन फंड’ के तहत 1 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान, कैपेक्स में संभावित कमी और उम्मीद से बेहतर विनिवेश से मिलने वाली राशि, इस लक्ष्य को पूरा करने में मददगार साबित हो सकती हैं.
आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल सकता है
केंद्र सरकार के कर्मचारियों की आय बढ़ने से घरेलू खपत और मांग को समर्थन मिल सकता है. ड्यूश बैंक ने वित्त वर्ष 2027 में भारत की वास्तविक GDP वृद्धि 7.3%, वित्त वर्ष 2028 में 7.2% और वित्त वर्ष 2029 में 7.3% रहने का अनुमान लगाया है. बैंक ने यह भी बताया है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट और सामान्य से कम मानसून के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत और लचीली बनी हुई है. केंद्रीय बजट 202728 आने में अब कुछ ही महीने बचे हैं, इसलिए केंद्र सरकार के सामने 8वें वेतन आयोग के संभावित खर्च को समायोजित करने के साथसाथ वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की चुनौती है.
केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए, इसका मतलब यह हो सकता है कि 8वें वेतन आयोग से जुड़े फैसले और अंतिम रिपोर्ट कुछ महीनों में पेश की जा सकती है. ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ के अनुसार, इसमें देरी करने से केंद्र सरकार पर तत्काल खर्च का दबाव तो कम हो सकता है, लेकिन अगर वेतन और भत्तों में संशोधन पिछली तारीख से लागू किया जाता है, तो कर्मचारियों को मिलने वाला बकाया केंद्र सरकार पर भविष्य में वित्तीय बोझ बढ़ा सकता है.



