Udaipur ACB Action: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार देर रात भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुर में एक पुलिस कांस्टेबल को 20 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. अधिकारियों के अनुसार आरोपी कांस्टेबल नागेंद्र सिंह उदयपुर शहर के पुलिस उपाधीक्षक की विशेष टीम में तैनात था। ACB की टीम ने उसे शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते समय पकड़ लिया.
25 हजार रुपए में तय हुई बात
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि पुलिसकर्मी नागेंद्र सिंह, शक्ति सिंह, अर्जुन सिंह और अनिल मीणा बार-बार उसके कार सर्विस गैराज की जांच कर रहे थे. यह गैराज एकलिंगपुरा अंडरपास के पास स्थित है.
शिकायत के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी उसे डराकर और परेशान कर उससे अवैध वसूली करना चाहते थे. उन्होंने गैराज के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और उसे परेशान न करने के बदले हर महीने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. बाद में बातचीत के बाद यह रकम 25 हजार रुपये तय की गई.
ASI समेत 3 फरार
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई. बुधवार रात कार्रवाई करते हुए टीम ने कांस्टेबल नागेंद्र सिंह को परिवादी से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. एसीबी अधिकारियों के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपी सहायक उपनिरीक्षक शक्ति सिंह, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह और कांस्टेबल अनिल मीणा की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
LPG Gas Crisis: गैस की किल्लत नहीं होती तो जनता को नहीं सहनी पड़ती जिल्लत
The post Udaipur ACB Action: एसीबी के हत्थे चढ़ा घूसखोर पुलिस कांस्टेबल, 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा, ASI समेत 3 फरार appeared first on Jago India Jago.



