रायपुर: प्रदेश में अवैध अफीम की खेती के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. कृषि विभाग ने कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया है. विभागीय जांच के दौरान कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और कई खामियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है.
जानकारी के अनुसार संबंधित क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद विभाग ने इसकी जांच शुरू कराई थी. जांच के दौरान पाया गया कि कृषि विभाग के जिम्मेदार अमले द्वारा खेतों की नियमित निगरानी और रिपोर्टिंग में गंभीर लापरवाही बरती गई. अधिकारियों का मानना है कि समय पर निरीक्षण और जानकारी देने की जिम्मेदारी निभाई जाती तो मामला पहले ही सामने आ सकता था.
जांच टीम की रिपोर्ट में कृषि विस्तार अधिकारी की भूमिका को लेकर कई सवाल उठाए गए. रिपोर्ट में बताया गया कि क्षेत्र में संदिग्ध खेती की गतिविधियों के बावजूद उचित कार्रवाई या उच्च अधिकारियों को समय पर सूचना नहीं दी गई. इसे प्रशासनिक कर्तव्यों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही माना गया.
इसी आधार पर कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित किया गया है और मामले की विभागीय जांच भी आगे जारी रहेगी.
उधर इस कार्रवाई के बाद कृषि विभाग में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की अवैध खेती या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्च स्तर पर दें.
फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और आने वाले समय में इससे जुड़े अन्य पहलुओं पर भी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है.



