बच्चों को क्रिकेट की कोचिंग देने वाला एक व्यक्ति अंतरराज्यीय शातिर ठग निकला। नरसिंहपुर पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी बैंक और फाइनेंस कंपनियों के नाम पर पोस्टर लगाकर जरूरतमंद लोगों को झांसे में लेकर उनसे अलग-अलग शुल्क के नाम पर पैसे वसूलता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी देवकीनंदन कपूर उर्फ देव (35) जैन नगर, कराला थाना रोहिणी क्षेत्र, नई दिल्ली का रहने वाला है। आरोपी खुद को पेशेवर क्रिकेट खिलाड़ी बताकर लोगों का भरोसा जीतता था और उसी पहचान का फायदा उठाकर ठगी करता था।
मामले की शुरुआत तब हुई जब नरसिंहपुर निवासी ओंकार प्रसाद चौधरी ने 2 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें लोन दिलाने का झांसा देकर 93 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच के आधार पर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों की दीवारों पर फर्जी बैंक और फाइनेंस कंपनियों के नाम से पोस्टर लगवाए थे। पोस्टर पर दिए गए नंबर पर कॉल करने पर एक महिला खुद को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को भरोसे में लेती थी। इसके बाद आरोपी बीमा, जीएसटी, डीडी और प्रोसेसिंग फीस जैसे अलग-अलग शुल्क के नाम पर पैसे मंगवाता था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी दिल्ली में कॉल सेंटर चलाकर ठगी का पूरा नेटवर्क संचालित करता था। पोस्टर से आने वाली कॉल कॉल सेंटर तक पहुंचती थीं, जहां से टेली-कॉलर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देते थे। बाद में आरोपी खुद संपर्क कर पैसे की मांग करता था और ठगी की रकम अपने खाते में लेने के बजाय अन्य लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 चेकबुक, 10 पासबुक, सात एटीएम कार्ड और दो आधार कार्ड सहित कई दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा ठगी में इस्तेमाल किए गए करीब 10 बैंक खातों की पहचान भी की गई है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



