सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक बार फिर संदिग्ध आतंकी गतिविधियों को लेकर चर्चा में है. उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने सहारनपुर निवासी हारिश अली को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है. हारिश मुरादाबाद में बीडीएस (डेंटल) का छात्र बताया जा रहा है और उस पर आतंकी संगठन ISIS के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े होने का आरोप है.

बता दें जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर आकर्षित कर रहा था. वह इंस्टाग्राम, डिस्कॉर्ड और सेशन जैसे प्लेटफॉर्म पर फर्जी नामों से सक्रिय था और आतंकी संगठनों के प्रचार-प्रसार में जुटा था. हारिश ने ‘अल अत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक ग्रुप भी बनाया था, जहां वह आतंकी प्रोपेगेंडा सामग्री साझा करता था. जांच में यह भी सामने आया है कि वह भारत के अलावा पाकिस्तान समेत अन्य देशों में सक्रिय हैंडलरों के संपर्क में था.
एटीएस के मुताबिक, आरोपी शरिया कानून आधारित खिलाफत स्थापित करने की सोच से प्रभावित था और युवाओं को जिहाद के लिए उकसाने का प्रयास कर रहा था. वह मुठभेड़ों में मारे गए आतंकियों को “शहीद” बताकर उनकी सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करता था. हारिश सहारनपुर के मानकमऊ क्षेत्र का निवासी है. उसका परिवार शिक्षित और शांतिप्रिय माना जाता है पिता आईटीसी में कार्यरत हैं, बड़ा भाई एमबीबीएस कर चुका है और बहन कोटा में मेडिकल की पढ़ाई कर रही है.
पड़ोसियों के अनुसार, हारिश कम बोलने वाला और अकेला रहने वाला युवक था. गिरफ्तारी के बाद एटीएस की टीम सहारनपुर पहुंची और अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी का घर बंद है और परिवार फिलहाल कहीं चला गया है.



