सुपौल: सुपौल से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है. एक युवक पहले इंस्टाग्राम पर मैसेज किया पापा मुझे माफ करना और फिर जहर पी लिया. इस घटना से सनसनी फैल गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. दरअसल आपको बता दे कि त्रिवेणीगंज शहर स्थित एक होटल में किराये पर रह रहे एक युवक द्वारा मंगलवार को गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लेने से इलाके में सनसनी फैल गई.
गंभीर हालत में उसे परिजनों द्वारा तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. वहीं जख्मी युवक प्रतापगंज थाना क्षेत्र के भवानीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर 5 निवासी बबलू साह के 25 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि युवक का अपने माता-पिता और पत्नी से विवाद हो गया था, जिसके बाद वह करीब सात महीने से घर छोड़कर रह रहा था. परिजनों को उसके ठिकाने की जानकारी नहीं थी और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे.
बताया जाता है कि मंगलवार को युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक के बाद एक कई स्टोरी पोस्ट कीं. पहली स्टोरी में उसने अपनी पत्नी के साथ एक फोटो लगाकर “आई मिस यू जी” लिखा था. दूसरी स्टोरी में “पापा माफ करना” लिखा था. इसके बाद तीसरी स्टोरी में उसने जहर पीते हुए वीडियो पोस्ट किया. वीडियो देखने के बाद परिजनों आनन – फानन में खोजबीन करते हुए उनके ठिकाने पर पहुंच गए और उसे गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक संजीव कुमार ने बताया कि युवक को पॉइजनिंग की स्थिति में लाया गया था. उसने ब्लैक कोबरा नामक जहरीला पदार्थ पी लिया था. उसकी हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर ईलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
परिजनों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है. पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद उसकी पत्नी बच्चे के साथ मायके में रह रही थी. थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. फिलहाल कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी.



