
आज का मौसम 18 मार्च 2026: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) ने अब कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव की चेतावनी जारी की है। IMD ने अनुसार, उत्तर-पूर्व भारत में अगले 24 घंटों तक कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रह सकती है, जिसके बाद तीव्रता कम होने की संभावना है। वहीं पश्चिम हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर 20 मार्च तक जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक देशभर के अधिकांश हिस्सों में मौसम स्थिर रहने की संभावना व्यक्त की है। IMD ने 25 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई राज्यों हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
IMD ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 19-20 मार्च के दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना है। मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में जिसमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल ओडिशा में 21 मार्च तक आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र के जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 20 मार्च को तथा हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 मार्च को छिटपुट भारी वर्षा या बर्फबारी होने का अनुमान है ।
पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पूर्वी भारत के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में छिटपुट स्थानों पर भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है । इसके बाद वर्षा की तीव्रता में कमी आएगी ।
बीते 24 घंटों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिम बंगाल, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हुई। कई राज्यों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को बादल छाए रहे। IMD दिल्ली-एनसीआर में 18 से 20 मार्च के बीच आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि 18 मार्च की रात से हल्की बारिश या बूंदाबांदी शुरू हो सकती है, जो कि 20 मार्च तक जारी रहेगी। यानी दिल्ली के लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार है। वहीं इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को छिटपुट हल्की से मध्यम वर्षा, गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। 20 मार्च को कुछ स्थानों पर हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटा और झोंकों के साथ 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पूर्वी यूपी में 20 और 21 मार्च को छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में 21 मार्च तक हल्की से लेकर मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार, गरज, बिजली चमकने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है । पिछले 24 घंटों में बिहार में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।



