IndiaUttar Pradesh

यूपी में अचानक बदला मौसम: कहीं दिन में अंधेरा, कहीं गिरे ओले, शहर-शहर बारिश

यूपी में अचानक बदला मौसम: कहीं दिन में अंधेरा, कहीं गिरे ओले, शहर-शहर बारिश

लखनऊ। लखनऊ समेत कई जिलों में तेज हवाओं व बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन सरसों, गेहूं व अन्य फसलों को नुकसान की आशंका से किसान चिंतित हैं।

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस बदले मौसम का असर देखने को मिला। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है। राजधानी लखनऊ में सुबह की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम ने अचानक पलटी मार दी। सुबह 9 बजे के बाद आसमान में काले घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

बाराबंकी में बरसे बादल बाराबंकी में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदला। सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रही और करीब 10 बजे गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग 45 मिनट तक हुई झमाझम बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। खेतों में पहले से कटी पड़ी सरसों की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा आलू की खुदाई कर रहे किसानों के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है।

गोंडा में बारिश के साथ ओले गिरे गोंडा में भी सुबह करीब 10 बजे अचानक घना अंधेरा छा गया और बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। उमरी बेगमगंज इलाके में ओले गिरे। यहां भी सरसों और लाही की फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

अयोध्या में बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता अयोध्या में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप अलग-अलग क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी और रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। सोहावल और मिल्कीपुर में तेज हवाएं चलीं, जबकि बीकापुर और रुदौली में बारिश का असर देखने को मिला। फसल कटाई के समय आई इस बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। गेहूं, सरसों, आलू और सब्जियों की फसलों को नुकसान का खतरा मंडरा रहा है।

श्रावस्ती-बहराइच में भी तेज हवाओं के साथ बारिश वहीं श्रावस्ती और बहराइच में भी मौसम खराब रहा। झमाझम बारिश और तेज हवाओं के चलते आम, सरसों, अरहर और गेहूं की फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई जगहों पर फसल गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं कृषि क्षेत्र में चिंता की स्थिति पैदा कर दी है। यदि मौसम का यही रुख बना रहा, तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply