CrimeIndia

राजस्थान: रात के अंधेरे में घूम रहा था शातिर गैंग, पुलिस ने बस स्टैंड से दबोचा; वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे

नागौर: शहर में बढ़ती चैन स्नैचिंग और जेब तराशी की वारदातों के बीच बड़ी कार्रवाई में कोतवाली पुलिस ने शातिर गैंग का पर्दाफाश कर दिया. बस स्टैंड के आसपास संदिग्ध गतिविधियों के बीच घूम रहे ये लोग आमजन को अपना निशाना बनाने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस की पैनी नजर उन पर पड़ गई और पूरी साजिश धरी की धरी रह गई.

दरअसल, सिग्मा ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम नागौर के रोडवेज बस स्टैंड पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान दो पुरुष और चार महिलाएं संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए. पुलिस ने जब उन्हें रोककर पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए. इसके बाद राजकॉप ऐप के जरिए फोटो मिलान किया गया, जिसमें सामने आया कि सभी के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से चैन स्नैचिंग और जेब तराशी के मामले दर्ज हैं.

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी छह आरोपियों को मौके पर ही दस्तयाब कर लिया और बाद में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामबाबू (30) निवासी खोखरिया, झालावाड़, हेमराज (30) निवासी रसुडिया गेद, झालावाड़, किरण देवी (38) निवासी हनुमानगढ़, आरती (20) निवासी विजय नगर, श्रीगंगानगर, चांदनी (27) निवासी हनुमानगढ़ और सविता (35) निवासी विजय नगर, श्रीगंगानगर के रूप में हुई है.

जांच में सामने आया कि ये सभी मिलकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात को अंजाम देने के आदी हैं और नागौर में भी किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे. यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशों पर की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन के सुपरविजन में कोतवाली थाना टीम सक्रिय रही.

कार्रवाई में थानाधिकारी वेदपाल शिवराण, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल शिवलाल, कांस्टेबल घमण्डाराम, कांस्टेबल नरेन्द्र और महिला कांस्टेबल रामेश्वरी शामिल रहे, जिसमें विशेष भूमिका कांस्टेबल घमण्डाराम की रही. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति घूमता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते अपराध पर लगाम लगाई जा सके.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply