औरंगाबाद: जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से औरंगाबाद पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया. इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी, वाहन जांच और वारंट निष्पादन की कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में छह लोग हत्या प्रयास, पांच लोग मद्यनिषेध अधिनियम के तहत पकड़े गए हैं.
इसके अतिरिक्त अन्य विभिन्न मामलों में 22 लोगों की गिरफ्तारी की गई है. गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में से 6 को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. मद्यनिषेध अभियान के तहत पुलिस ने 153.20 लीटर देसी शराब एवं 63.750 लीटर विदेशी शराब जब्त की है. साथ ही सघन वाहन जांच अभियान के तहत 779 वाहनों की जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों के उल्लंघन पर 45500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
इसके अलावा एक ऑटो, एक ट्रैक्टर एवं 100 सीएफटी बालू को जब्त किया गया है. पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल ने बताया कि जिले में अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा. अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं. आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई.




