
एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोनपुर में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने यहां पीड़ित परिवार से मुलाकात की और नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कौन सरकार में है, कौन सरकार चला रहा है, किसी को पता नहीं है। बिहार का कोई मां-बाप नहीं है।
दरअसल, पप्पू यादव सोनपुर के रहने वाले बिट्टू सिंह के घर पहुंचे थे। बीते दिनों पटना के दानापुर में बिट्टू सिंह की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे सांसद ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज बिहार में किसी को नहीं पता कि सरकार आखिर चला कौन रहा है। किसकी बेटी, कब किसी का शिकार हो जाएगी, किसी को पता नहीं है।
पप्पू यादव ने छात्राओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पटना के गर्ल्स हॉस्टल में रह रहीं सभी बच्चियों को मुफ्त में गैस सिलेंडर दिया जाएगा, ताकि उन्हें पढ़ाई के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो।
अपराधियों के बढ़ते मनोबल और लचर सिस्टम को लेकर उन्होंने सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। केंद्र और राज्य में सरकार केवल लाइन लगा रही है, कोरोना में लाइन, नोटबंदी में लाइन और अब किचेन से लेकर गैस के लिए लाइन, बिहार को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।
“पप्पू यादव के इस दौरे और उनके ‘मुफ्त गैस’ वाले वादे ने अब राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। देखना होगा कि सरकार इस पर क्या पलटवार करती है।
गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में तनाव की वजह से देश में तमाम जगहों पर गैस सिलेंडर मिलने में लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा रहा है। ऐसे में पप्पू यादव का छात्राओं को लेकर किया गया ऐलान चर्चा में बना हुआ है।



