धमतरी। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने आदतन बदमाश कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू नायक को एक वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के हटकेशर वार्ड का निवासी है और वर्ष 2018 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध मारपीट, लूट, डकैती, जान से मारने की धमकी, अवैध कब्जा, हथियार के बल पर भय उत्पन्न करने तथा मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
प्रशासन ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 (क) (ख) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को धमतरी सहित रायपुर, बालोद, कांकेर, गरियाबंद, दुर्ग एवं कोंडागांव जिलों की सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किया है। आदेश के तहत आरोपी बिना न्यायालय की अनुमति इन क्षेत्रों में प्रवेश नहीं कर सकेगा। उल्लंघन करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक एक प्रकरण में जिला बदर की कार्रवाई की गई है, जबकि वर्ष 2025 में 10 बदमाशों को जिला बदर किया जा चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी आदतन अपराधियों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।



