CrimeIndia

रीवा में ‘वसूली भाई’ बना डायल 112 चालक! कैमरे पर खुद खोला उगाही का राज

रीवा: खाकी की वर्दी पहनकर कानून की रक्षा करने वालों के संरक्षण में भ्रष्टाचार का खेल किस कदर फल-फूल रहा है, इसका जीता-जागता सबूत रीवा के चाकघाट में देखने को मिला है.थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर डायल 112 का चालक सरेआम ‘वसूली भाई’ बनकर भूसा लदे वाहनों से अवैध उगाही कर रहा था.सोशल मीडिया पर वीडियो बम फूटते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

वायरल वीडियो में डायल 112 का चालक किसी हिस्ट्रीशीटर की तरह बात कर रहा है। वह कैमरे के सामने बेखौफ होकर यह स्वीकार रहा है कि वह हर गाड़ी से 300 रुपये प्रति चक्कर वसूलता है। उसकी जुबान से निकले शब्द साफ बता रहे हैं कि उसे न तो कानून का डर है और न ही वर्दी का खौफ.वह खुलेआम कह रहा है कि वह ‘चेकिंग’ के दौरान गाड़ियों को सुरक्षित पास करवाने का ठेका लेता है.

SP का कड़ा प्रहार: आरक्षक लाइन अटैच, चालक पर गिरी गाज

वीडियो के वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बिना देर किए एक्शन मोड में आते हुए भ्रष्टाचार की जड़ों पर प्रहार किया है.इस मामले में संलिप्त आरक्षक सुरेंद्र पांडे को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है.वहीं, राज्य मुख्यालय भोपाल से डायल 112 के निजी चालक को दूध में से मक्खी की तरह निकाल बाहर फेंकने का निर्णय लिया गया है.

 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाने से चंद कदमों की दूरी पर महीनों से यह खेल चल रहा था और साहब को कानोंकान खबर तक नहीं थी? वायरल वीडियो में चालक की बातों से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि इस अवैध वसूली की ‘गंगा’ में हाथ धोने वाले कई और बड़े चेहरे भी हो सकते हैं.एसपी ने अब थाना प्रभारी सहित अन्य संदिग्ध पुलिसकर्मियों की कुंडली खंगालने के आदेश दे दिए हैं.माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और खाकीधारियों पर निलंबन की गाज गिरना तय है.

चाकघाट यूपी-एमपी का सीमावर्ती इलाका है, जहां से हजारों मालवाहक वाहन गुजरते हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तो सिर्फ एक वीडियो है, हकीकत में रात के अंधेरे में वसूली का यह धंधा करोड़ों का टर्नओवर रखता है.अब सवाल यह है कि क्या इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी या फिर कुछ दिनों बाद नए ‘वसूली भाई’ सड़कों पर नजर आएंगे?

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply