HealthIndia

न डाइट न एक्सरसाइज़ सिर्फ तीन महीने चल लें दस हज़ार कदम, जबरदस्त तरीके से कम होगा वजन, मिलेंगे और भी कई फायदे

दस हज़ार कदम,
Image Source : FREEPIK

आजकल की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में हर कोई फिट रहना चाहता है, लेकिन स्ट्रिक्ट डाइट और जिम का समय निकाल पाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। ऐसे में एक सरल और प्रभावी तरीका है रोज़ाना 10,000 कदम चलना। यह न सिर्फ वजन कम करने में मदद करता है, बल्कि स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। चलिए जानते हैं अगर आप तीन महीने तक रोजाना दस हज़ार कदम चलते हैं तो सेहत को कौन से फायदे मिल सकते हैं?

तीन महीने तक दस हज़ार कदम वॉक करने से क्या होता है?

जब आप तीन महीने तक रोज़ 10,000 कदम चलते हैं, तो शरीर एक्स्ट्रा कैलोरी बर्न करता है। एक सामान्य व्यक्ति इस दौरान लगभग 300 से 500 कैलोरी तक खर्च कर सकता है। अगर यह आदत लगातार तीन महीने तक बनाए रखी जाए, तो शरीर में जमा एक्स्ट्रा फैट धीरे-धीरे कम होने लगता है और वजन कम होता है। रोजाना तीन महीने तक वॉक कर के आप आराम से 4 से 6 किलो वजन कम कर सकते हैं। 

डाइट का रखेंगे ख्याल तो और तेजी  से कम होगा वजन:

हालांकि, अगर आप सिर्फ वॉक कर रहे हैं और रोजाना बाहर का खाना खा रहे हैं तो वजन कम करना मुश्किल हो सकता है।  इसलिए हल्का-फुल्का बैलेंस्ड डाइट अपनाना वजन कम करने में बेहद प्रभावकारी होता है। अगर आप रोजाना वॉक कर रहे हैं तो कोई सख्त डाइट फॉलो करने की जरूरत नहीं है बस खाने की मात्रा और गुणवत्ता पर थोड़ा ध्यान देना काफी है।

दस हज़ार कदम चलने के अन्य फायदे:

रोज़ 10,000 कदम चलने के कई अन्य फायदे भी हैं। यह दिल की सेहत को बेहतर बनाता है, ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद करता है, और मानसिक तनाव को कम करता है। इसके अलावा, इससे आपकी मांसपेशियां मजबूत होती हैं, स्टैमिना बढ़ता है और नींद की गुणवत्ता में भी सुधार होता है।

कैसे करें शुरुआत?

शुरुआत करने वालों के लिए जरूरी है कि वे सीधे 10,000 कदम से शुरुआत न करें। पहले 5,000 से 6,000 कदम चलें और फिर धीरे-धीरे इसे बढ़ाएं। आप चाहें तो सुबह और शाम के समय चलकर अपने कदम पूरे कर सकते हैं। 

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply