सुपौल : बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद अवैध शराब का कारोबार कम तो हुआ, लेकिन इसके साथ ही सूखे नशे का कारोबार तेजी से बढ़ गया है. ग्रामीण और शहरी इलाकों में यह नया कारोबार युवाओं और किशोरों तक पहुंच रहा है. पुलिस और प्रशासन द्वारा निगरानी बढ़ाने के बावजूद यह अवैध गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं.
कई बार बाजार और गलियों में चोरी-छिपे नशे की बिक्री की शिकायतें मिलती हैं. परिवारों में नशे के कारण तनाव और विवाद भी बढ़े हैं. सरकार द्वारा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन प्रभाव सीमित दिखाई दे रहा है. इस स्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शराबबंदी के बावजूद नशा पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाया है.
इसी क्रम में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. भीमपुर थाना क्षेत्र के जीवछपुर वार्ड संख्या-2 स्थित रानीपट्टी नहर के समीप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से 69 पुड़िया स्मैक बरामद की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि जीवछपुर गांव के रानीपट्टी नहर के पास एक युवक नशीले पदार्थ के साथ मौजूद है.
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने जीवछपुर वार्ड संख्या-4 निवासी मु. नसीम को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 69 पुड़िया स्मैक बरामद हुई.
बरामद स्मैक का कुल वजन 35.86 ग्राम बताया गया है. पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ की तौल प्रखंड विकास पदाधिकारी छातापुर की मौजूदगी में कराई. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है
.



