CrimeIndia

राजस्थान: महिला टीचर ने स्कूल के हेडमास्टर को मारी थप्पड़, गांव के लोगों ने स्कूल में जड़ा ताला

फलोदी: राजस्थान के फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र स्थित पलीना साथरी राजकीय विद्यालय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महिला टीचर ने स्कूल के हेडमास्टर को कक्षा के दौरान ही थप्पड़ मार दिया. यह घटना बच्चों के सामने हुई और छात्रों ने भी पुष्टि की कि टीचर ने हेडमास्टर को दो थप्पड़ लगाए.

मामला अब जांच के दायरे में है, क्योंकि महिला टीचर ने हेडमास्टर पर अश्लील हरकत का आरोप लगाया है, जबकि हेडमास्टर का कहना है कि उनका ट्रांसफर रुकवाने की वजह से शिक्षिका नाराज़ थीं. गौरतलब है कि पलीना साथरी स्कूल में केवल दो ही शिक्षक पदस्थापित हैं- हेडमास्टर पुरखाराम और शिक्षिका प्रियंका बिश्नोई.

घटना के बाद मामला ग्रामीण अभिभावकों तक पहुंचा तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया. प्रियंका बिश्नोई ने बताया कि हेडमास्टर ने उनके साथ अश्लील हरकत की, गलत तरीके से छुआ और पकड़ा. उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा के लिए उन्होंने थप्पड़ मारा. उनका आरोप है कि गांव वाले और हेडमास्टर मिलकर उन्हें बंधक बनाने की कोशिश कर रहे हैं और स्कूल में ताला लगा दिया गया है.

हेडमास्टर पुरखाराम का कहना है कि 5 दिसंबर को महिला टीचर के ट्रांसफर का आदेश आया था. उन्होंने यह बात ग्रामीणों को बताई, जिसके बाद ग्रामीणों ने विभाग से संपर्क कर उनका ट्रांसफर रुकवा दिया. हेडमास्टर के अनुसार, इन्हीं कारणों से शिक्षिका नाराज थीं. अब यह पूरा मामला जांच के अधीन है. बच्चों ने भी माना कि क्लास के दौरान शिक्षिका ने हेडमास्टर को दो थप्पड़ मारे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply