
Film City Project In Delhi: उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बाद अब दिल्ली में भी फिल्म सिटी बनने जा रही है। केंद्र सरकार दिल्ली सरकार को करीब 486 एकड़ जमीन देगी। इस पहल का औपचारिक ऐलान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में किया जाएगा, जहां भारत मंडपम में केंद्र सरकार (प्रसार भारती) और दिल्ली सरकार के बीच MOU पर साइन होगा। यह कदम दिल्ली और एनसीआर के लिए सिनेमा और मनोरंजन के नए अवसर खोलेगा।
नोएडा में भी तैयार हो रही बड़ी फिल्म सिटी
दरअसल, ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र सेक्टर-21 में नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी का निर्माण होने जा रहा है। हालांकि इस परियोजना पर काम अब तक अपेक्षित गति से नहीं बढ़ा। जून 2025 में निर्माण शुरू होने वाला था, लेकिन डेवलपर और फिल्म निर्माताओं के बीच प्राथमिकताओं में मतभेद के कारण प्रक्रिया में देरी हुई।
क्यों इतनी खास है फिल्म सिटी?
हालांकि, नोएडा और दिल्ली की फिल्म सिटी सिर्फ शूटिंग हब नहीं होगी। यह एनीमेशन स्टूडियो, मीडिया प्रोडक्शन हाउस, एडिटिंग स्टूडियो और डिजिटल कंटेंट उत्पादन का बड़ा केंद्र बनेगी। इसका नजदीकी जेवर एयरपोर्ट से सिर्फ 4 किलोमीटर है, जिससे देशभर और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स को सुविधाजनक पहुंच मिलेगी।
रोजगार और विकास का मिलेगा बड़ा मौका
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म सिटी में करीब 1.5 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल सकते हैं। इससे न सिर्फ फिल्म और डिजिटल मीडिया सेक्टर में नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
देशभर में होगा सिनेमा का बड़ा विस्तार
आपको बता दें कि भारत में सिनेमा का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी, भोजपुरी और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ अब दिल्ली और नोएडा भी इस ग्लोबल फिल्म नेटवर्क का हिस्सा बन रहे हैं। नई फिल्म सिटी के निर्माण से भारतीय फिल्म उद्योग को और विस्तार मिलेगा, जिससे नए कलाकारों, तकनीशियनों और स्टूडियो क्रिएटिव्स को प्लेटफॉर्म मिलेगा।
ये भी पढ़ें-
फिलहाल दिल्ली और NCR के निवासियों के लिए फिल्म सिटी बनने की खबर किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। क्योंकि आने वाले समय में यहां फिल्म निर्माण, स्टूडियो और डिजिटल प्रोडक्शन के कई अवसर खुलेंगे। यह कदम सिर्फ सिनेमा के लिए नहीं, बल्कि रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी लाभकारी हो सकता है।



