
Image Source : FREEPIK
किशमिश स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। हममे से ज्यादातर लोग बाजार से किशमिश खरीदते हैं। लेकिन बाजार में इन दिनों हर चीज में मिलावट देखने को मिल रही है। ऐसे में आप घर पर ही अंगूर से किशमिश बना सकते हैं। घर पर अंगूर से किशमिश बनाना बहुत आसान है और यह बाजार से मिलने वाली किशमिश से कहीं ज्यादा साफ-सुथरी और शुद्ध होती है। यह सस्ती पड़ती है और साथ ही मुलायम और जूसी भी होती है। तो चलिए जानते हैं घर पर अंगूर से किशमिश कैसे तैयार कर सकते हैं।
कितने अंगूर की होगी जरूरत?
किशमिश असल में अंगूर का सुखाया हुआ रूप है। सुखाने की प्रक्रिया में अंगूर का सारा पानी उड़ जाता है, जिससे उसका वजन काफी कम हो जाता है। सामान्य तौर पर 4 किलो ताजे अंगूरों से लगभग 1 किलो किशमिश तैयार होती है। अगर आप पहली बार ट्राय कर रहे हैं, तो 1-2 किलो अंगूर से शुरुआत कर सकते हैं।
किशमिश बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि
1. अंगूरों चुनें और सफाई करें
हमेशा लंबे और मीठे अंगूर चुनें। अंगूर जितने मीठे होंगे, किशमिश उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी। अंगूरों को गुच्छों से अलग कर लें। खराब, दबे हुए या सड़े हुए अंगूरों को निकाल दें। इन्हें ठंडे पानी में अच्छी तरह धो लें ताकि धूल और कीटनाशक निकल जाएं।
2. उबालने की प्रक्रिया
यह सबसे महत्वपूर्ण स्टेप है। एक बड़े पतीले में पानी उबालें। जब पानी खौलने लगे, तो उसमें अंगूर डाल दें। अंगूरों को केवल 2 से 3 मिनट तक उबालें। जैसे ही अंगूर पानी की सतह पर तैरने लगें और उनकी त्वचा पर हल्की दरारें दिखने लगें, उन्हें तुरंत छान लें। उबालने से अंगूर की बाहरी परत नरम हो जाती है, जिससे वे जल्दी सूखते हैं।
3. सुखाने का तरीका
अंगूरों को आप दो रह से सूखा सकते हैं।
धूप में सुखाना: एक सूती कपड़े या ट्रे पर अंगूरों को फैला दें। ध्यान रहे कि वे एक-दूसरे के ऊपर न हों। इन्हें तेज धूप में रखें। ऊपर से एक महीन जाली या पतला कपड़ा ढंक दें ताकि धूल और मक्खियां न बैठें। इसे सूखने में 3 से 5 दिन लग सकते हैं। रात में ट्रे को अंदर ले आएं ताकि ओस से वे दोबारा गीले न हों।
ओवन या डिहाइड्रेटर: अगर आप जल्दी सुखाना चाहते हैं, तो ओवन को सबसे कम तापमान (लगभग 60°C) पर सेट करें और 18-24 घंटे तक सुखाएं।
4. स्टोरेज
जब अंगूर पूरी तरह सिकुड़ जाएं और उनमें नमी न रहे, तो समझ लें कि किशमिश तैयार है। इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर कांच के एयरटाइट जार में भरकर रखें।
|
|
|
|



