IndiaTrending

पति ने पत्नी को गैस सिलेंडर से पीटकर मार डाला

पति ने पत्नी को गैस सिलेंडर से पीटकर मार डाला

हरियाणा के गुरुग्राम जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुग्राम के चौमा गांव में 22 साल की एक महिला गुंजन की उसके पति ने झगड़े के बाद छोटे गैस सिलेंडर से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने महिला के 22 वर्षीय पति सुनील को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया और बझेरा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गुंजन और उसका पति सुनील पिछले कई महीनों से चौमा रेलवे क्रॉसिंग के पास किराए के कमरे में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि सुनील बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम में रहकर मजदूरी का काम करता था। गुंजन और सनील के बीच मंगलवार की रात को झगड़ा हुआ था और उसी समय गुस्से में आकर सुनील ने गुंजन पर गैस सिलेंडर से हमला कर उसे मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद सुनील मौके से फरार हो गया। जब पड़ोसियों ने नोटिस किया कि कमरा मंगलवार से बंद पड़ा है तो बुधवार शाम को उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए क्योंकि कमरे में गुंजन की खून से सनी लाश पड़ी हुई थी।
पड़ोसियों ने इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि दोनों पति-पत्नी कई महीनों से किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने तुरंत सुनील की तलाश शुरू की और गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि सुनील और गुंजन के बीच अक्सर झगड़े होते थे। उन्होंने कहा, ’23 मार्च की रात दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर सुनील ने गुंजन को मिनी गैस सिलेंडर से मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अभी उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।’

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply