CrimeIndia

प्यार में रोड़ा बन रहे थे हेड कांस्टेबल पिता, बेटी ने मिल्कशेक में घोल दिया जहर, हत्या के 3 साल बाद BF ने खोली पोल

आरोपी बेटी आर्या और उसका बॉयफ्रेंड आशीष।

Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जिसमें एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता की हत्या कर दी। इस खौफनाक साजिश का खुलासा पूरे तीन साल बाद हुआ जब खुद प्रेमी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार भद्रावती निवासी 30 वर्षीय बर्खास्त पुलिस कर्मचारी आशीष महेश शेडमाके ने 23 मार्च को रामनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसमें उसने अपनी प्रेमिका महिला पुलिस कर्मचारी आर्या जयंत बल्लावार पर अपने पिता हेड कॉन्स्टेबल जयंत बल्लावार की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया।

अफेयर से नाराज थे पिता

बताया जा रहा है कि आशीष और आर्या के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आर्या के पिता इस रिश्ते का विरोध करते थे, जिससे घर में लगातार विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। इसी तनाव ने एक खौफनाक साजिश को जन्म दिया।

5000 रुपये में खरीदा था जहर

हत्या की योजना के तहत आशीष ने जहर की व्यवस्था के लिए अपने रिश्तेदार के नाबालिग बेटे की मदद ली। इसके बाद 22 वर्षीय चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम (निवासी भद्रावती) से संपर्क किया गया। 24 अप्रैल 2023 को चैतन्य ने कांच की बोतल में जहर लाकर दिया जिसके बदले उसे 5000 रुपये दिए गए। अगले ही दिन 25 अप्रैल 2023 को आर्या ने अपने पिता को मिल्कशेक में जहर मिलाकर पिला दिया। जहर पीने के बाद जयंत बल्लावार ड्यूटी पर पहुंचे लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बेटी ने भ्रामक जानकारी देकर पुलिस को किया गुमराह

घटना के समय पुलिस ने इसे आकस्मिक मृत्यु मानते हुए मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान आर्या ने भ्रामक जानकारी देकर पुलिस को गुमराह किया जिसके चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2022 से आशीष और आर्या के बीच प्रेम संबंध थे और 2023 में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद करीब दो वर्षों तक दोनों साथ रहे लेकिन आपसी विवाद बढ़ने पर आशीष ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी।

पुलिस विभाग से रहा है आशीष-आर्या का संबंध

बता दें कि आरोपी आशीष और आर्या दोनों का संबंध पुलिस विभाग से रहा है। दोनों की पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। हालांकि प्रशिक्षण के दौरान आशीष को बर्खास्त कर दिया गया था जबकि आर्या ने हाल ही में प्रशिक्षण पूरा किया था। रामनगर पुलिस ने इस मामले में आशीष महेश शेडमाके, आर्या जयंत बल्लावार, चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम और एक नाबालिग के खिलाफ IPC की धारा 120(बी), 302, 201 और 34 के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय ने चारों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

(रिपोर्ट- मिलिंद दिंन्डेवार)

यह भी पढ़ें-

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply