
Cardamom Benefits: गर्मियां शुरू हो चुकी है और इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बढ़ते पारे और चिलचिलाती धूप के कारण अक्सर लोगों को पेट, गले और मुंह से जुड़ी कई छोटी-बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। आमतौर पर लोग इन समस्याओं के लिए एलोपैथिक दवाओं का सहारा लेते हैं लेकिन भारतीय आयुर्वेद में इसका समाधान हमारी अपनी रसोई में मौजूद है। रसोई घरों में उपलब्ध छोटी इलायची गर्मियों की इन परेशानियों के लिए किसी रामबाण औषधि से कम नहीं साबित होती है।
औषधीय गुण
आयुर्वेद में इलायची को केवल एक मसाले के रूप में नहीं बल्कि औषधीय गुणों के खजाने के रूप में देखा जाता है। रोजाना इलायची का सेवन कई आम बीमारियों में प्रभावी रूप से आराम पहुंचाता है। इलायची न केवल भोजन का स्वाद और उसकी खुशबू बढ़ाती है बल्कि इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण शरीर के अंदरूनी संक्रमण और सूजन को कम करने में भी सहायक होते हैं।
एसिडिटी और पाचन तंत्र के लिए रामबाण
गर्मियों के मौसम में सबसे अधिक समस्या अपच, एसिडिटी और खट्टी डकारों की होती है। खान-पान में थोड़े से बदलाव से ही सीने में जलन और भारीपन महसूस होने लगता है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि खाना खाने के बाद एक इलायची को धीरे-धीरे मुंह में रखकर चबाने से पेट की हाइपर एसिडिटी तुरंत नियंत्रित हो जाती है। यह न केवल पाचन तंत्र को मजबूत करती है बल्कि पेट से जुड़ी पुरानी शिकायतों को भी दूर रखने में मदद करती है।
गले की खराश और आवाज बैठने का देसी इलाज
तेज गर्मी में ठंडा पानी या ठंडी चीजों का सेवन करने से अक्सर गला खराब हो जाता है। गले में खराश, खांसी या अचानक आवाज का बैठ जाना इस मौसम में आम बात है। ऐसे समय में 1-2 इलायची को धीरे-धीरे चबाना चाहिए ताकि उसका रस धीरे-धीरे गले से नीचे उतर सके। यह प्रक्रिया गले की सूजन को कम करती है और कुछ ही देर में राहत महसूस कराती है।
गले में समस्या (सौ. फ्रीपिक)
मुंह के छालों और दुर्गंध से छुटकारा
शरीर में गर्मी बढ़ने के कारण मुंह के छालों की समस्या काफी दर्दनाक हो सकती है। स्रोतों के अनुसार इलायची को मिश्री के साथ मिलाकर चबाने से छालों की जलन और दर्द में तुरंत कमी आती है और वे जल्दी ठीक होने लगते हैं। इसके अलावा इलायची मुंह के बैक्टीरिया और संक्रमण को दूर करने में भी प्रभावी है। यदि आप रोजाना भोजन के बाद इसे चबाने की आदत डालते हैं तो इससे मुंह की दुर्गंध दूर होती है और दांत भी स्वस्थ रहते हैं।
कैसे करें इलायची का सेवन
इलायची का इस्तेमाल कई रूपों में किया जा सकता है। इसे सीधे चबाकर खाने के अलावा चाय में डालकर या दूध में उबालकर भी पिया जा सकता है। गर्मियों में इलायची वाला दूध या चाय न केवल शरीर को अंदरूनी ठंडक प्रदान करती है बल्कि यह मानसिक तनाव को कम करने में भी मददगार है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना आवश्यक है लेकिन बचाव के तौर पर रोजाना 1-2 इलायची का सेवन एक बेहतरीन आदत है।



