

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित 10वीं के परीक्षा परिणाम में बांका जिले की पुष्पांजलि कुमारी ने टॉप किया है। पुष्पांजलि की इस सफलता के पीछे उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार का मजबूत सहयोग रहा है। रजौन प्रखंड के गोपालपुर गांव की रहने वाली पुष्पांजलि की इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। परिजनों का कहना है कि पुष्पांजलि ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है। जैसे ही रिजल्ट की घोषणा हुई, घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
पुष्पांजलि के पिता लाल मोहन शर्मा रजौन प्रखंड के भवनाथपुर मध्य विद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई की नींव खुद रखी और कक्षा 1 से 5 तक उसे अपने ही विद्यालय में पढ़ाया। इसके बाद बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन के लिए उसे बाहर भेजा गया। उन्होंने कहा कि आज उनकी बेटी ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह उनके लिए गर्व का क्षण है।
पुष्पांजलि की मां ने भावुक होकर कहा कि उन्हें शुरू से ही अपनी बेटी पर पूरा विश्वास था। उन्होंने बताया कि पुष्पांजलि बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है और हमेशा मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रही। मां ने कहा कि यह सफलता उसकी लगातार मेहनत और पिता के मार्गदर्शन का परिणाम है। पुष्पांजलि ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया है। उसने कहा कि उसे पढ़ाई के लिए घर में हमेशा सकारात्मक माहौल मिला, जिससे उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उसने बताया कि उसका सपना आगे चलकर एक वैज्ञानिक (साइंटिस्ट) बनने का है और वह देश के लिए कुछ बड़ा करना चाहती है।
इस उपलब्धि से पूरे गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और इसे बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। लोगों का कहना है कि पुष्पांजलि की सफलता यह साबित करती है कि अगर मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिले तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना सेकेंड टॉपर रहीं। उनके पिता बेंगलुरु में मस्जिद के इमाम हैं। तीसरे नंबर पर बक्सर की अनूपा कुमारी और बेगूसराय के ओम कुमार रहे हैं। ओम कुमार के पिता दीपक मिश्रा, बरौनी डेरी में मजदूरी करते हैं। वहीं, अनूपा कुमारी बक्सर जिले के धनसोई थाना के काकरिया गांव के निवासी नित्यानंद यादव की पुत्री हैं।



