
Helmet Awareness Viral Video : सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकार लगातार अभियान चलाती रहती है, लेकिन कई लोग आज भी हेलमेट पहनने को हल्के में लेते हैं। ऐसे में आंध्र प्रदेश की एक छोटी बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
इस वीडियो में मासूम बच्ची अपनी प्यारी आवाज में राह चलते लोगों को हेलमेट पहनने की सलाह देती नजर आ रही है। उसकी मासूम अपील यह याद दिलाती है कि सड़क पर सुरक्षा सबसे पहले होनी चाहिए।
View this post on Instagram
छोटी बच्ची ने बाइक चालक से कहा- ए बाबू, हेलमेट पहनो
वीडियो में बच्ची को “ए बाबू, हेलमेट पहनो” कहते सुना जा सकता है। वह कार में किसी की गोद में बैठी होती है और पास से गुजर रहे स्कूटर सवार से बात करने की कोशिश करती है। पीछे से कोई बड़ा व्यक्ति उसकी बात को स्कूटर चालक तक पहुंचाता है।
यह वीडियो यशवंत रेड्डी के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसमें उनकी बेटी त्रिषिका नजर आ रही है। बच्ची की मासूमियत और समझदारी ने लोगों का दिल जीत लिया है।
लोगों ने कहा- “लिटिल डीसीपी ट्रैफिक”
दरअसल, मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है। यह नियम पीछे बैठने वाले पर भी लागू होता है। इसका पालन न करने पर 1000 रुपये तक का जुर्माना या लाइसेंस सस्पेंड किया जा सकता है।
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स बच्ची की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने उसे “लिटिल डीसीपी ट्रैफिक” तो कुछ ने “लेडी ट्रैफिक पुलिस” तक कह दिया है। यह वायरल वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि सही सीख बच्चों के जरिए भी समाज तक पहुंच सकती है।



