

गर्मियों में स्टाइलिश दिखने के साथ-साथ खुद को ठंडा और आरामदायक रखना एक बड़ी चुनौती होती है। चिलचिलाती धूप में कंफर्टेबल रहने के लिए सही कपड़ों और फैब्रिक का चुनाव बहुत जरूरी है। चलिए जानते हैं इस मौसम में स्टाइलिश और कूल दिखने के लिए कैसे कपड़ों का चुनाव करें?
गर्मी में किन कपड़ों का चुनाव करना चाहिए?
सूती: गर्मी के मौसम में अपने आप को पसीने से बचाने के लिए सूती के कपड़े का चुनाव करें। सूती का कपड़ा पसीना सोखता है और त्वचा को सांस लेने देता है। सूती के कपड़ों में सूती शर्ट, कुर्ती और साड़ियां चूज़ कर सकते हैं, यह न केवल शरीर को ठंडक देती है, बल्कि किसी भी रंग की जींस या पैंट के साथ बहुत अच्छी लगती है। घर में पहनने के लिए सूती के मैक्सी ड्रेस आरामदायक होने के साथ-साथ ट्रेंडी लुक देते हैं।
लिनन: गर्मी के मौसम में सूती के अलावा लिनन का कपड़ा भी एक बेहतरीन ऑप्शन है। यह हल्का और हवादार होने के कारण यह गर्मियों का सबसे पसंदीदा कपड़ा है। यह अलसी के पौधों के रेशों से बना होता है, जो त्वचा को ठंडा रखता है, पसीना जल्दी सोखता है और शरीर से नहीं चिपकता। अपनी बेहतरीन हवा के संचार के कारण, यह गर्मियों में आराम और स्टाइल का सही संतुलन प्रदान करता है।
खादी: खादी का कपड़ा, पूरी तरह से प्राकृतिक है, जो उमस भरी गर्मी में पसीना सोखकर आरामदायक रखता है। साथ ही खादी का कपड़ा, शरीर को ठंडक देने के साथ क्लासी लुक भी देता है। यह हानिकारक केमिकल से फ्री होता है जो संवेदनशील त्वचा के लिए बेहतरीन है।
रेयॉन और शिफॉन: रेयॉन और शिफॉन दोनों ही कपड़े आरामदायक और स्टाइलिश लुक के लिए बेहतरीन हैं। यह हवा को आने-जाने देता है और शरीर को ठंडा रखता है।
इन बातों का रखें ध्यान?
- गर्मियों में अपने आप को स्किन रैश और उमस से बचाने के लिए पॉलिएस्टर, नायलॉन और भारी फैब्रिक को पहनने से बचें, क्योंकि ये पसीना नहीं सोखते और शरीर को गर्म रखते हैं।
- गर्मियों में हल्के रंग जैसे सफेद, पेस्टल, हल्का नीला, बेबी पिंक, पीच और क्रीम कलर का चुनाव करें। ये रंग धूप को परावर्तित करते हैं और ठंडक का एहसास कराते हैं।
- गर्मियों में फिटेड कपड़ों की जगह लूज फिटिंग कपड़े पहनें, जैसे कि कुर्ते, ढीली पैंट्स और कुर्ती-प्लाज़ो सेट।
- स्टाइलिश लुक के लिए हल्के कपड़े का स्कार्फ या स्टोल साथ रखें, जो धूप से भी बचाएगा। जींस की जगह कॉटन के हल्के ट्राउजर पहनें, ये पसीने से बचाते हैं।



