रायपुर। थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाली सड़क के किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. मामले में मृतक की पहचान के साथ-साथ हत्या में शामिल एक महिला एवं विधि के साथ संघर्षरत दो बालक सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.
थाना अभनपुर क्षेत्र में मुरूम के गड्ढे में दफन शव की जानकारी मिलने के बाद अभनपुर थाना में मर्ग कायम कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की. शप का पीएम कराने पर डॉक्टर ने गर्दन पर गहरा आघात से मृतक का श्वासनली में चोट लगने और मृतक को अधमरी अवस्था में ही दफन करने से मृत्यु होना पाया गया. इस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 97/26 धारा 103(1), 238 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया.
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना अभनपुर पुलिस एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की, जिसमें घटना में संलिप्त एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई. जांच के आधार पर आरोपी की पहचान श्याम सुंदर सोनी निवासी बोरियाकला मुजगहन रायपुर के रूप में की गई. ज्ञात हुआ कि आरोपी आलू-प्याज का कारोबारी दुकान में कार्यरत कर्मचारियों के साथ फरार है.
इसके बाद पड़ताल करते हुए आरोपी श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू एवं विधि के साथ संघर्षरत दो बालक को पकड़ा. पाया गया कि आरोपी श्याम सुंदर सोनी एवं सावित्री साहू के मध्य प्रेम संबंध था. 16 मार्च की रात्रि श्याम सुंदर सोनी सावित्री साहू के घर माना गया था. जहां पूर्व से नितेश बत्रा खड़ा था और सावित्री साहू के घर की तरफ देख रहा था. इस पर श्याम सुंदर सोनी और नितेश बत्रा के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ.
इसके बाद श्याम सुंदर सोनी ने दुकान में काम करने वाले अपने अन्य कर्मचारियों को आटो में लेकर आया. फिर सभी नितेश बत्रा को ऑटो में बिठाकर खोरपा होते हुए खट्टी, ढोढ़रा के बीच तालाब के पास पहुंचकर उसे ऑटो से बाहर उतारकर सभी ने मारपीट कर गले में गमछा फंसा कर खींचकर पकड़े थे, जिससे वह बेहोश हो गया। उसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में ले जाकर नितेश बत्रा को दफना दिए तथा फरार हो गये थे.
पुलिस ने मामले में आरोपियों-अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित लकड़ी, आटो वाहन व अन्य सामान जप्त कर प्रकरण में आरोपियों/अपचारियों के विरूद्ध धारा 64(2)(क), 191(1)(2) बीएनएस जोड़ी जाकर कार्रवाई की. प्रकरण में संलिप्त आरोपी माईकल सैनी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रहीं है.



