

अयोध्या से एक चौंकाने वाली लूट की घटना सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी. रुदौली कोतवाली क्षेत्र स्थित एक सर्राफा दुकान में दिनदहाड़े बुर्का पहनकर पहुंची एक महिला ने नकली तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस की तत्परता के चलते यह मामला कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया और आरोपी प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया गया.
जानकारी के मुताबिक, बुर्का पहने महिला दुकान में ग्राहक बनकर दाखिल हुई और अचानक नकली तमंचा निकालकर दुकानदार को धमकाने लगी. डर के माहौल में उसने करीब 26 ग्राम सोना और एक लॉकेट लूट लिया. इस दौरान उसका प्रेमी दुकान के बाहर मोटरसाइकिल लेकर पहले से तैयार खड़ा था. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों तेजी से मौके से फरार हो गए.
इस पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो बाद में पुलिस जांच में अहम सबूत साबित हुआ. पीड़ित सर्राफा व्यापारी महेश की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने महज कुछ घंटों में दोनों आरोपियों को दबोच लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (निवासी मवई) और उसकी प्रेमिका पायल (निवासी बाबा बाजार) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार पायल पहले से विवाहित है और उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहना था. तलाशी के दौरान पुलिस ने लूटा गया सोना, लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और नकली तमंचा बरामद कर लिया. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है.



