CrimeIndia

डीडवाना-कुचामन में ऑनलाइन गेमिंग और क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; लाखों की ठगी का खुलासा

डीडवाना-कुचामन: जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग, साइबर फ्रॉड और क्रिकेट सट्टा संचालित कर आमजन से लाखों रुपये ठगने वाली संगठित गैंग का पर्दाफाश किया है.खुनखुना थाना पुलिस और डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में डिजिटल और बैंकिंग सामग्री जब्त की गई है.

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा (आरपीएस) तथा वृताधिकारी जेठुसिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में की गई. थानाधिकारी गरिमा चौधरी (आरपीएस) के नेतृत्व में टीम ने सरहद मण्डुकरा क्षेत्र में दबिश देकर इस गैंग को पकड़ा.

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लेपटॉप और मोबाइल के जरिए आम लोगों को ऑनलाइन गेमिंग में मुनाफे का लालच देते थे.इसके बाद उन्हें गेम्स और सट्टे में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करते थे.ठगी के पैसों के लेन-देन के लिए आरोपी विभिन्न राज्यों से फर्जी तरीके से बैंक खाते और सिम कार्ड किराये पर लेते थे, जिससे उनकी गतिविधियों का आसानी से पता न चल सके.

4 अप्रैल 2026 की रात पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.आरोपियों के कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, 2 चेक बुक, 4 सिम कार्ड, हिसाब-किताब की डायरी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है.

गिरफ्तार आरोपियों में रमेश बिरडा (23), मनोज ढाका (20) और गणेश खोड़ (30) निवासी कुचेटिया, थाना खुनखुना शामिल हैं.पुलिस ने इस मामले में बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी जीवराजसिंह सहित टीम के सदस्य रिछपाल, सुनिल बैडा और भंवरलाल का विशेष योगदान रहा.वहीं साइबर सेल टीम के प्रेमप्रकाश, तुलछीराम और रवि बारूपाल ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया.

एसपी ऋचा तोमर ने कहा कि “डीडवाना-कुचामन पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है.आमजन को ऑनलाइन लालच और अनजान लिंक से सतर्क रहना चाहिए। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देना जरूरी है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.”

थानाधिकारी गरिमा चौधरी ने बताया कि “यह गैंग काफी सुनियोजित तरीके से काम कर रही थी और अलग-अलग राज्यों से बैंक खाते व सिम लेकर ठगी को अंजाम दे रही थी। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना है.”

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply