IndiaRajasthan

Crime News: कर्ज ने बनाया ‘गैंगस्टर’! सरकारी मास्टर जी ने व्यापारियों से मांगी 1.40 करोड़ की फिरौती, पुलिस ने दबोचा

Crime News: कर्ज ने बनाया ‘गैंगस्टर’! सरकारी मास्टर जी ने व्यापारियों से मांगी 1.40 करोड़ की फिरौती, पुलिस ने दबोचा

राजस्थान के बांसवाड़ा शहर में कर्ज चुकाने के लिए सरकारी स्कूल ने टीचर ने 1.4 करोड़ की फिरौती मांगी थी. पुलिस ने इस टीचर को गिरफ्तार कर लिया है. दो व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगने वाले आरोपी को राजतालाब थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी विकेश कुमार कमोल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडादा में सेकंड क्लास का गणित का टीचर है.

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बीती 30 मार्च 2026 को आरोपी ने व्यापारियों को हाथ से लिखे पत्र भेजकर भारी रकम की मांग की थी. आरोपी ने एक व्यापारी की दुकान के शटर के नीचे पत्र डालकर और दूसरे के फार्महाउस पर कर्मचारी के जरिए धमकी पहुंचाई थी, जिसमें खुद को बड़ा गैंगस्टर बताते हुए पैसे न देने पर परिवार और संपत्ति को खत्म करने की चेतावनी दी गई थी.

आरोपी ने व्यापारियों से 90 लाख और 50 लाख रुपये की मांग करते हुए उन्हें भोयन घाटी पर पानी की टंकी के पास नीम के पेड़ के नीचे रखने को कहा था. इस धमकी से डरे हुए व्यापारियों ने अगले दिन पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई.

पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए शहर के लगभग 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के आने-जाने का पूरा रूट मैप तैयार किया. जांच के दौरान स्टेशनरी की दुकानों और साइबर तकनीक की मदद से आरोपी की पहचान पुख्ता की गई और उसे उसके गांव टिम्बा महुडी से हिरासत में लिया गया.

पूछताछ में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि एक शिक्षक होने के बावजूद विकेश ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण लाखों रुपये हार चुका था और भारी कर्ज में डूबा हुआ था. लेनदारों के दबाव से बचने के लिए उसने व्यापारियों को लूटने की साजिश रची.

उसने बाकायदा व्यापारियों की रेकी की थी, जहां एक जगह उसने गाय खरीदने के बहाने और दूसरी जगह चांदी के पायजेब खरीदने के बहाने व्यापारियों की आर्थिक स्थिति और उनके परिवार की जानकारी जुटाई थी. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply