
Image Source : FREEPIK
घरों में बेड पर एकदम साफ चादर बिछी होती हैं और उसके साथ खूबसूरत और मुलायम तकिया आपके बिस्तर को एकदम कोजी और सुकून भरा बना देते हैं। ज्यादातर घरों में तकिया को हमेशा तकिया कवर में रखा जाता है। ये ऊपर से तो साफ दिखते हैं, लेकिन तकिया कवर हटाने के बाद इस पर लगे जिद्दी पीले दाग देखकर मन खराब हो जाता है। लंबे समय तक तकिया का इस्तेमाल करने से तकिया पीले और गंदे हो जाते हैं। तकिया का पीला और गंदा होने के कई कारण है। आपके सिर का पसीना, धूल, तेल, गीले बाल और उससे जमा होने वाली गंदगी तकिया को पीला और दाग वाला बना देते हैं।
ऐसे में तकिया को साफ करना बहुत जरूरी है। कुछ लोग ऐसे तकिया को खराब समझकर फेंक देते हैं। जबकि आप इन्हें आसानी से वॉश कर सकते हैं। जी हां तकिया को वॉशिंग मशीन में या हैंड वॉश कैसे भी साफ किया जा सकता है। आज हम आपको वॉशिंग मशीन में तकिया धोने के टिप्स बता रहे हैं। इससे पीले और गंदे तकिया सफेद और नए जैसे चमकने लगेंगे।
वॉशिंग मशीन में तकिया कैसे धोएं
आप किसी भी माइल्ड और लिक्विड सोप का इस्तेमाल तकिया धोने के लिए कर सकते हैं। नॉर्मल कपड़ों की तरह ही फाइबर से बने तकिया को धोया जा सकता है। अगर आप तकिया को साफ करने के लिए किसी घरेलू उपाय का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इसके लिए आधा कप बेकिंग सोडा और थोड़ा पानी ले लें। दोनों की चीजों को मिलाकर गाढ़ा पेस्ट जैसा तैयार कर लें। अब जहां जिद्दी दाग लगे हैं वहां इसे थोड़ी देर लगाकर छोड दें। करीब आधा घंचे के बाद तकिए को वॉशिंग मशीन में गर्म पानी से धो लें। इससे तकिया पर लगे सारे दाग आसानी से निकल जाएंगे। हां तकिया के फाइबर में कई बार साबुन रह जाता है तो इसके लिए तकिया को एक बार एक्स्ट्रा रिंस जरूर कर लें। इससे तकिया में से आने वाली डिटर्जेंट की बदबू भी निकल जाएगी।
तकिया के पीले दाग कैसे साफ करें?
अगर तकिया पर बहुत पीले और ब्राउन दाग धब्बे जैसे दिखाई दे रहे हैं तो इसके लिए आप 1 हिस्सा नींबू का रस और 2 हिस्सा गुनगुना पानी लें। दोनों को मिक्स करके स्प्रे बोतल में डालें और जहां-जहां तकिया पीला हो रहा है स्प्रे कर दें। अब तकिया को 2–3 घंटे तेज धूप में रख दें। इसके बाद नॉर्मल तरीके से किसी डिटर्जेंट का इस्तेमाल कर तकिया वॉश कर लें। इससे तकिया पर लगे पीले दाग नेचुरली क्लीन हो जाएंगे।
तकिया की बदबू कैसे दूर करें?
अगर तकिया ज्यादा पुराना है और पीला हो चुका है तो इसे नॉर्मल वॉश से साफ करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। इसके लिए बेकिंग सोडा और सिरके का सॉल्यूशन तैयार करके तकिया को साफ करें। इससे तकिया से आ रही बदबू भी दूर हो जाएगी। इसके अलावा पिलो प्रोटेक्टर का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे पसीना और ऑयल तकिया के अंदर नहीं जाता है। हर 3 महीने में तकिया को धोएं। इससे तकिया ज्यादा गंदा नहीं होगा। जब तकिया अच्छी तरह सूख जाए तभी इस्तेमाल करें। गीले तकिया फंगस और बदबू आ सकती है।



