रीवा : जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब टोंस विद्युत परियोजना केंद्र के डैम में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश उतराते हुई मिली.एक ही सप्ताह के भीतर क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की यह दूसरी घटना है, जिसने पुलिस प्रशासन और स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 10:00 से 11:00 बजे के बीच जब सुरक्षा गार्ड मिलन सिसोदिया मेहर बैराज के पास गश्त कर रहे थे, तब उनकी नजर हेड रेगुलेटर के गेट नंबर तीन पर पड़ी. वहाँ एक शव पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया.सुरक्षा गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना टोंस परियोजना के उच्च अधिकारियों और सिरमौर थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही सिरमौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची.पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की.फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और न ही मौत के कारणों का खुलासा हुआ है.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है.अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर हत्या.
गौरतलब है कि सिरमौर थाना क्षेत्र में पिछले सात दिनों के अंदर यह दूसरा अज्ञात शव मिला है.इससे पहले क्योटी जलप्रपात में भी एक व्यक्ति की लाश मिली थी, जिसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है.एक के बाद एक मिल रहे अज्ञात शवों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इलाके में डर का माहौल है.



