IndiaTrending

घर में बनाएं एकदम बाजार जैसा पनीर, काटने पर बनेंगे बड़े-बड़े क्यूब्स, जान लें पनीर बनाने का तरीका

बाजार जैसा पनीर घर में कैसे बनाएं
Image Source : INDIA TV

इन दिनों मिलावट के चक्कर में लोगों ने पनीर खाना ही छोड़ दिया है। ऐसे में अगर आपको पनीर खाना पसंद है तो घर में दूध से पनीर बना सकते हैं। घर का पनीर हेल्दी भी होता है और इसे आसानी से बनाया भी जा सकता है। हालांकि कुछ लोगों की शिकायत रहती है कि घर में बने पनीर से बाजार के पनीर जैसे क्यूब्स नहीं कटते हैं। पनीर के सब्जी बनाने के लिए पनीर सेट और एकदम अच्छी तरह कटा हुआ होना जरूरी है। ऐसे में आज हम आपको एकदम बाजार जैसा परफेक्ट पनीर बनाने का तरीका बता रहे हैं। इस तरह घर में पनीर बनाएंगे तो ये बहुत सॉफ्ट बनेगा और इससे आप अपनी पसंद की शेप में काटकर सब्जी बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें पनीर बनाने की ये सिंपल रेसिपी।

घर में बाजार जैसा पनीर कैसे बनाएं, पनीर बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- घर में एकदम बाजार जैसा पनीर बनाकर तैयार किया जा सकता है। इसके लिए आपको एक पतीला लेना है। उसमें आधा कप पानी डाल दें और ऊपर से 2 लीटर फुल क्रीम दूध डाल दें। पानी डालने से दूध नीचे जलता नहीं है। अब दूध को 1 उबाल आने तक पकाएं। गैस की फ्लेम धीमी कर दें।

दूसरा स्टेप- अब एक कटोरी में थोड़ा व्हाइट विनेगर यानि सफेद सिरका लें। सिरका के बराबर ही इसमें पानी मिला लें। अब इस घोल को उबलते हुए दूध में थोड़ा-थोड़ा करके मिलाएं। विनेगर न हो तो आप इसकी जगह नींबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। दूध जब फट जाए तो गैस बंद कर दें।

तीसरा स्टेप- एक मलमल का या कोई हल्का सूती कपड़ा लें और उसे छन्नी के ऊपर लगा दें। अब कपड़े पर पूरा पानी सहित पनीर डाल दें। पनीर को हल्का निचोड़ दें या थोड़ी देर लटका दें। यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि पनीर का पूरा पानी नहीं निकालना है। इससे पनीर काफी मुलायम बनेगा और अच्छी तरह सेट हो जाएगा।

चौथा स्टेप-अब एक प्लेट लें और कपड़े में ही पनीर को हल्का फैलाते हुए सेट कर लें। प्लेट के ऊपर कपड़े में लिपटा पनीर रखें। ऊपर से पत्थर का चकला या कोई भारी चीज रख दें और पनीर को एक घंटे सेट होने के लिए छोड़ दें। अब चकला हटा दें और पनीर को कपड़े से निकाल लें। एकदम बाजार जैसा पनीर बनकर तैयार है।

आप इसे अपनी पसंद की शेप में पीस करके काट लें। इस पनीर का इस्तेमाल सब्जी बनाने के लिए करें। आपको बाजार से मिलावटी पनीर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस पनीर से पनीर पकौड़े, पनीर पराठे या पनीर भुजिया भी बनाकर खा सकते हैं।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply