

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में हॉस्टल के एक कमरे की तलाशी ली। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हॉस्टल से कारतूस एवं जाली मुद्रा समेत आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। पुलिस की छापेमारी में मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बुधवार शाम को ‘सर जियाउद्दीन हॉल’ हॉस्टल के एक कमरे की तलाशी ली और वहां से 32 बोर की पिस्टल की गोलियां, 12 बोर के चार कारतूस, जाली मुद्रा, आठ मोबाइल फोन और खाली मैगजीन कवर बरामद किए।
एएमयू के प्रॉक्टर नावेद खान ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस कमरे में शेवाज नाम का एक ‘अवैध कब्जेदार’ रह रहा था। उन्होंने बताया कि ऐसा आरोप लगाया जा रहा है कि शेवाज कमरे के वैध आबंटियों को जबरन बाहर निकालकर कई महीनों से वहां अवैध रूप से रहा था।
नावेद खान ने कहा कि पुलिस ने कमरे के वैध आबंटियों में से एक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ करके यह जानने की कोशिश की कि आखिर शेवाज किन परिस्थितियों में कमरे पर कब्जा करने में कामयाब रहा। उन्होंने कहा कि कमरे से बरामद दस्तावेजों से पता चलता है कि शेवाज ने पहले एएमयू के किसी पाठ्यक्रम में दाखिला लिया थ। हालांकि, जांच के दौरान खंगाले गए रिकॉर्ड से संकेत मिलता है कि वह एक ‘नॉन-रेजिडेंट स्टूडेंट’ (छात्रावास में न रहने वाले छात्र) था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अलीगढ़ के सिविल लाइंस इलाके में गत सोमवार को हुई गोलीबारी की एक घटना की जांच के सिलसिले में मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। उन्हीं से हुई पूछताछ के दौरान शेवाज का नाम सामने आया। इसके बाद जांच टीम ने छात्रावास के कमरे पर छापा मारा। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



