जिस अंदाज में वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल अपने आईपीएल करियर का आगाज किया था, उसी अंदाज में उन्होंने नए सीजन की शुरुआत भी की है. राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के ओपनर वैभव ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 3 मैचों में ही चौके-छक्कों की बारिश करते हुए अपने विध्वंसक अंदाज को जारी रखा है और इस पूरे सीजन के लिए सभी टीमों को चेतावनी दे दी है. सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बाद अब वैभव के निशाने पर मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है, जिससे वैभव को अपना 351 दिन पुराना हिसाब बराबर करना है.
शुक्रवार 10 अप्रैल को IPL 2026 के 16वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और बेंगलुरु की टक्कर होगी. गुवाहाटी में होने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया के मौजूदा स्टार विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल और भविष्य के सितारे वैभव सूर्यवंशी एक साथ मैदान पर होंगे. इन तीनों ने ही मौजूदा सीजन में धुआंधार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपनी-अपनी टीमों को सभी मैच जिताए हैं. ऐसे में एक ही मैच में तीनों का जलवा देखने के लिए उत्सुकता और उत्साह जबरदस्त है.


