IndiaUttar Pradesh

यूपी में खाने की प्लेट बनी ‘तीन तलाक’ की वजह, रणभूमि में तब्दील हुई निकाह की दावत

यूपी में खाने की प्लेट बनी ‘तीन तलाक’ की वजह, रणभूमि में तब्दील हुई निकाह की दावत

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक खुशियों से भरा निकाह समारोह अचानक विवाद और हंगामे में बदल गया. जहां पर एक गेस्ट हाउस में शनिवार को हो रहा यह निकाह उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब खाने को लेकर बराती और जनाती आमने-सामने आ गए. बताया जा रहा है कि निकाह की रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो चुकी थीं और जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान कुछ बराती खाना खाने पहुंचे, जहां लेग पीस और गोश्त को लेकर छोटी सी कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया. देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और कुर्सियां-बर्तन हथियार बन गए.

कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना कानपुर के बिल्हौर इलाके की बताई जा रही है, जहां पर ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार को आयोजित निकाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब खाने को लेकर बराती और जनाती पक्ष के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कुर्सियां व बर्तनों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे. इस दौरान दुल्हन पक्ष के चाचा जमील और चचेरे भाई सलीम घायल हो गए.

लेग पीस से शुरू हुआ विवाद
बारामऊ गांव निवासी गुड्डू ने अपनी पुत्री निशा का निकाह बिल्हौर निवासी पप्पू के पुत्र फजल से तय किया था. निकाह की रस्म पूरी होने के बाद जब जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान कुछ बराती खाना खाने लगे. इसी बीच लेग पीस और गोश्त को लेकर जमील और सलीम की बराती जीशान से बहस हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. जीशान ने अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

‘तीन तलाक’ से मचा बवाल!
मारपीट की सूचना मिलने पर दूल्हा फजल भी आक्रोशित हो गया और जयमाल मंच से ही दुल्हन को तीन तलाक दे दिया. इस घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव और बढ़ गया तथा गेस्ट हाउस में देर रात तक हंगामा चलता रहा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और नशे में धुत कुछ लोगों को वहां से हटाया.

दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के इस कदम पर कड़ा विरोध जताते हुए पहले विदाई से इंकार कर दिया और गंभीर आरोप लगाए. हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौते का प्रयास शुरू हुआ. मौलवी की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाज से निकाह की रस्में दोबारा अदा की गईं, जिसके बाद दुल्हन को विदा कर दिया गया. हालांकि दूल्हे ने एक ही बार निकाह होने की बात कही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply