India

UP SIR : भाजपा मंत्री ने साधा अखिलेश पर निशाना, कहा- प्रदेश की जनता को ‘जंगलराज’ हमेशा याद रहेगा, सपा की सरकार बनने वाली नहीं

UP SIR : बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता को जब तक ‘‘जंगलराज’’ याद रहेगा, उनकी सरकार बनने वाली नहीं है। सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘‘झूठों का सरदार’’ करार देते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी अलग-थलग पड़ गए हैं।

घुसपैठियों के बल पर प्रदेश में चुनाव जीतना चाहती है सपा : जयवीर

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सिंह ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती खेल प्रतियोगिता का समापन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सपा अध्यक्ष यादव पर निशाना साधा। सिंह ने कहा, उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव की सरकार के जंगलराज, गुंडई, अपराध, लूट, बलात्कार, महिलाओं के अपमान को भूलेगी नहीं। निश्चित रूप से जब तक जंगलराज याद रहेगा, तब तक अखिलेश यादव की सरकार बनने वाली नहीं है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने वाले ‘‘घुसपैठियों’’ के बल पर राज्य में या देश में चुनाव जीतना चाहते हैं। पर्यटन मंत्री सिंह ने कहा, एसआईआर मतदाता सूची का शुद्धिकरण है और इसका वहीं लोग विरोध कर रहे हैं, जो घुसपैठियों के बल पर प्रदेश में या देश में चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘‘झूठों का सरदार’’ करार देते हुए दावा किया है कि राहुल गांधी अलग-थलग पड़ गए हैं। पर्यटन मंत्री ने कहा, राहुल गांधी के साथ कोई भी नहीं है। जनता भी नहीं है। कोई दल भी नहीं है। वह अलग-थलग पड़ गए हैं। झूठों के सरदार हैं। सत्यहीन, बेबुनियाद बात करते हैं।

यूपी में 15 दिन और बढ़ी एसआईआर की समय सीमा

भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को 15 दिन और बढ़ा दिया है। अब 26 दिसंबर तक गणना प्रपत्र जमा हो सकेंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 28 फरवरी को होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर 14 दिनों के लिए अभियान की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया था। चुनाव आयोग ने गुरुवार को 15 दिन की समयसीमा बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि यह अनुरोध इसलिए किया गया था ताकि जिलाधिकारी एक बार फिर से मृतक, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं का सत्यापन करवा सकें। चुनाव आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध बनाना है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग ने एसआईआर की घोषित तिथियों को 15 दिन बढ़ाते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। अब 26 दिसंबर तक गणना अवधि चलेगी। इस दौरान गणना प्रपत्र जमा किए जाएंगे। मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन अब 31 दिसंबर को होगा। दावे और आपत्तियां 31 दिसंबर से 30 जनवरी तक स्वीकार की जाएंगी। नोटिस चरण में गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावों-आपत्तियों का निस्तारण 31 दिसंबर से 21 फरवरी तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 28 फरवरी को होगा।

The post UP SIR : भाजपा मंत्री ने साधा अखिलेश पर निशाना, कहा- प्रदेश की जनता को ‘जंगलराज’ हमेशा याद रहेगा, सपा की सरकार बनने वाली नहीं appeared first on Jago India Jago.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply