आरोग्य हेल्थ सेंटर के आयुर्वेदिक डॉ. एस के पांडेय ने बताया कि रोजाना सुबह पानी पीने से किडनी अपना काम बेहतर तरीके से करती है।

आरोग्य हेल्थ सेंटर के आयुर्वेदिक डॉ. एस के पांडेय ने बताया कि रोजाना सुबह पानी पीने से किडनी अपना काम बेहतर तरीके से करती है। खाली पेट पानी पीने से न सिर्फ पाचन बेहतर होता है, बल्कि वजन घटाने, बॉडी को डिटॉक्स करने और अंगों को लंबे समय तक हेल्दी बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं कि खाली पेट पानी पीने से सेहत को कौन-कौन से फायदे होते हैं और किन लोगों को खाली पेट पानी का सेवन करने से परहेज करना चाहिए।
खाली पेट पानी का सेवन करने से सेहत को होने वाले फायदे
खाली पेट पानी का सेवन आंतों में भोजन और अपशिष्ट को आगे बढ़ाने में मदद करता है और किडनी को टॉक्सिन्स बाहर निकालने में सहायता करता है। पर्याप्त पानी पीने से पाचन बेहतर होता है और बॉवेल मूवमेंट नियमित रहता है। सुबह खाली पेट पानी का सेवन करने से शरीर में फ्लूइड बैलेंस बना रहता है जो डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और थकान का एक बड़ा कारण है। सुबह पानी पीना सेहत के लिए फायदेमंद है लेकिन कुछ लोगों के लिए खाली पेट पानी पीना परेशानी को बढ़ा सकता है।
किन लोगों को सुबह खाली पेट पानी पीने से परहेज करना चाहिए?
अक्सर कहा जाता है कि सुबह उठते ही पानी पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। यह शरीर को हाइड्रेट करता है और पाचन को बेहतर बनाता है। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक कुछ लोगों के लिए सुबह खाली पेट पानी पीने की आदत नुकसानदेह साबित हो सकती है। आइए जानते हैं कि कौन-कौन सी परेशानी में सुबह खाली पेट पानी का सेवन नहीं करना चाहिए?
क्रॉनिक किडनी डिजीज में खाली पेट नहीं पिएं पानी
किडनी से जुड़ी समस्याओं जैसे क्रॉनिक किडनी डिजीज से पीड़ित लोगों को कितना और कब पानी पीना है इसे लेकर खासतौर पर सावधानी रखना जरूरी है। ऐसे मरीजों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही पानी पीना चाहिए, क्योंकि ज्यादा पानी किडनी पर दबाव डाल सकता है।
दिल से जुड़ी बीमारियों में
दिल से जुड़ी बीमारियों में सुबह खाली पेट पानी का सेवन मुश्किल को बढ़ा सकता है। खासकर हार्ट फेल्योर के मरीजों को सुबह उठते ही अधिक मात्रा में पानी पीने से बचना चाहिए। ज्यादा तरल पदार्थ लेने से दिल और फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, जिससे स्थिति बिगड़ सकती है।
एसिड रिफ्लक्स है तो खाली पेट पानी नहीं पिएं
पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे एसिड रिफ्लक्स या गैस्ट्राइटिस वाले लोगों के लिए भी सुबह खाली पेट ज्यादा पानी पीना परेशानी बढ़ा सकता है। इससे एसिडिटी और जलन की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए ऐसे लोगों को धीरे-धीरे या थोड़ी मात्रा में पानी लेना चाहिए।
सूजन या एडिमा में खाली पेट पानी से परहेज करें
जिन लोगों को शरीर में सूजन या एडेमा की समस्या होती है, उन्हें पानी पीने में संतुलन रखना जरूरी है। एक साथ ज्यादा पानी पीने से सूजन और बढ़ सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक हर व्यक्ति की शारीरिक जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए पानी पीने की आदत भी उसी के अनुसार होनी चाहिए। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह लेना जरूरी है।
डिस्क्लेमर
यह जानकारी सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। यदि आप दिल, किडनी या पाचन से जुड़ी किसी गंभीर बीमारी की दवा ले रहे हैं, तो अपनी जीवनशैली में बदलाव करने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह जरूर लें।



