नीतीश कुमार की जगह सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे. मंगलवार को सुबह से शाम तक बिहार में सियासी हलचल रही. पढ़ें पूरी खबर..
पटना: भारतीय जनता पार्टी में यह कहा जाता है कि जिसके नाम का पर्चा निकलेगा, वह मुख्यमंत्री बनेगा. बिहार में भी अन्य राज्यों की तरह यही कयास लगाए जा रहे थे कि केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान जिसके नाम का पर्चा निकालेंगे, उनके नाम पर ही मुहर लगेगी. हालांकि इस बार स्थिति थोड़ी अलग दिखी. जिन सम्राट चौधरी के नाम को लेकर लगातार संभावना जताई जा रही थी, बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में उनको ही नेता चुन लिया गया.
बिहार कोटे के केंद्रीय मंत्री भी रहे मौजूद: बीजेपी प्रदेश कार्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में विधानमंडल दल की बैठक हुई. जहां बिहार बीजेपी के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, राज भूषण निषाद के अलावे तमाम सांसद भी बैठक में मौजूद थे. विधायक-विधान पार्षद तो पहले से ही मौजूद थे. तमाम नेताओं की मौजूदगी में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगी.
“भाजपा के लिए बड़ा अवसर है. हजारों लोगों के बलिदान का फल मिला है. बिहार में हमारी सरकार बनने जा रही है. हमने अपने नेता के निर्देश पर और गठबंधन की जरूरत के हिसाब से फैसला लिया है. सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव हम लोगों ने रखा है, जिसे सर्वसम्मति से मान लिया गया. सम्राट चौधरी विधान मंडल के नेता चुन लिए गए हैं.”– विजय कुमार सिन्हा, पूर्व उप-मुख्यमंत्री
वहीं, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा, ‘विधान मंडल दल की बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगी है. विजय सिन्हा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और हम लोगों ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर सहमति दी. मैं सम्राट चौधरी को बधाई देता हूं.’
“नीतीश जी का धन्यवाद करना चाहूंगा, जिनके बदौलत बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है. नीतीश कुमार ने सही समय पर सही फैसला लिया है. सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ेगा और एनडीए की सरकार बेहतर काम करेगी. नीतीश कुमार ने जिस मॉडल को आगे बढ़ाया है, इस मॉडल पर एनडीए की सरकार काम करेगी.”-गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री
इस दौरान बीजेपी की युवा विधायक मैथिली ठाकुर ने भी सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा, ‘सम्राट चौधरी पहले उपमुख्यमंत्री थे और भाजपा के बड़े नेता थे. पार्टी ने उन्हें विधानमंडल दल का नेता चुना है. हम लोग सब उनके नाम की घोषणा से खुश हैं और सम्राट चौधरी अगले मुख्यमंत्री होने जा रहे हैं.’
एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुने गए: बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से एनडीए विधानमंडल दल का भी नेता चुन लिया गया. बैठक में नीतीश कुमार समेत सभी घटक दलों के नेता मौजूद थे. इस दौरान सम्राट ने नीतीश के पैर छूकर आशीर्वाद लिया.
सरकार बनाने का दावा पेश किया: वहीं, एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया. उन्होंने लोक भवन पहुंचकर गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (रिटायर्ड) से लोकभवन में मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया. इस दौरान पांचों घटक दलों के नेता मौजूद थे



