खाली मैदान में बनीं झुग्गी-झोपड़ियां आग की चपेट में आईं, सिलेंडर विस्फोट की भी आशंका

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिनी स्टेडियम के पास खाली मैदान में बनी झुग्गी-झोपड़िया में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई. आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि इससे उठने वाला धुआं 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था. इसके आसपास तमाम कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और दुकानें हैं. आग की तपिश इन तक भी पहुंची. वहीं, आग के कारण सड़क पर लंबा जाम भी देखा गया. दूसरी ओर घटना के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कमिश्नर और डीएम भी मौके पर पहुंचे.
आग लगने के बाद चारों तरफ अफरातफरी का माहौल दिखा. आसमान छूती लपटों के बीच सिलेंडर के फटने जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया. हालांकि, घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जो आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं. अनुमान लगाया जा रहा है इस हादसे में 50 से अधिक झुग्गी-झोपड़ी जलकर खाक हो गई हैं. अभी तक जन हानि की कोई जानकारी नहीं मिली है. आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर पुलिस विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं. आग के कारण उधर से गुजरने वाले लोग ठहर गए, जिससे सड़क पर जाम की नौबत आ गई.
आग लगने की घटना के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे. उन्होंने अनुमान जताया कि करीब 100 परिवार होंगे. इन सभी की मदद की जाएगी. सिलेंडर में विस्फोट की बात भी सामने आ रही है.
घटना के बारे में लखनऊ डीएम विशाल जी अय्यर ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिली है. इस पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा हैं. सभी विभागों के साथ कोऑर्डिनेशन किया गया है. घटना में किसी तरह की जनहानि ना होने पाए, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है. साथ ही पीड़ितों को शेल्टर होम में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं.

