IndiaTrendingUttar Pradesh

महराजगंज में साइबर ठगी गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार; गांवों में घूमकर इकट्ठा करते थे पुराने मोबाइल, 80 लाख के फोन बरामद

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपियों के पास से 318 मोबाइल बरामद हुए हैं.

पांच आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज : पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी गांवों में घूमकर पुराने मोबाइल इकट्ठा करते थे और उन्हें साइबर ठगों तक पहुंचाते थे. पुलिस को आरोपियों के पास से 318 मोबाइल बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 80 लाख रुपये है.

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि श्यामदेवरा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने एक सक्रिय साइबर गैंग का पर्दाफाश किया है. यह गिरोह गांव-गांव फेरी लगाकर लोगों को विभिन्न वस्तुओं का लालच देता था और उनके मोबाइल फोन लेकर इकट्ठा करता था.

पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सभी बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं. आरोपियों के कब्जे से 318 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है. इसके अलावा 110 मदरबोर्ड, कुछ मोटरसाइकिलें और फर्जी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. पुलिस ने बिहार के रहने वाले विकेश कुमार (25), समकांत साहनी (40), बृजकिशोर (37), मुन्ना कुमार (23), रामदास (35) को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी दस्तावेज इसलिए तैयार करते थे ताकि, पूछताछ के दौरान मोबाइल पर अपना स्वामित्व साबित कर सकें और शक से बच सकें. बरामद सामग्री का उपयोग OTP फ्रॉड, फिशिंग और फर्जी कॉलिंग जैसे साइबर अपराधों में किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply